यूके की कंजरवेटिव पार्टी के सांसद पद्मश्री बॉब ब्लैकमेन ने वेनेजुएला में अमेरिकी सेना की कार्रवाई और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर लिए गए एक्शन को सही ठहराया है। उनका तर्क है कि मादुरो लोकतांत्रिक तरीके से चुने हुए राष्ट्रपति नहीं थे। वे पूरे रीजन में ड्रग कार्टेल चलवा रहे थे। पाक अधिकृत कश्मीर पर उन्होंने पीओके को भारत को सौंपने की पैरवी की है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने जिस क्षेत्र पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा है, उसे भारत को सौंपा जाना चाहिए। भास्कर से खास बातचीत में बॉब ने कश्मीर समेत कई मुद्दों पर चर्चा की। भारत को छोड़कर कई देशों ने आतंकवाद के साथ एक धर्म को जोड़ा है, क्या कहेंगे? आतंकवाद का कोई धर्म नहीं है और ये होना भी नहीं चाहिए। सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि इस दिशा में खुलकर बात करें। बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के खिलाफ क्यों आवाज नहीं उठ रही है? बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए। हम तो यहां तक कहते हैं कि कश्मीरी पंडितों को तुरंत बसाया जाए। कश्मीर के बारे में आप क्या कहेंगे? मैंने भी श्रीनगर का दौरा किया। कश्मीर में हर क्षेत्र में भारी संभावना है। वहां हैंडीक्राफ्ट में व्यापक संभावनाएं हैं, हाइड्रोलिक पावर में संभावनाएं हैं। कश्मीर बहुत ही सुंदर जगह है, वहां पर्यटन के क्षेत्र में आगे डवलप करने की भी अपार संभावनाएं मौजूद हैं। कश्मीर में अब सुरक्षा और अच्छी हुई है। कश्मीर पहले से बेहतर हुआ है और जम्मू-कश्मीर अब लगातार समृद्ध बनेगा। धारा 370 हटने के बाद कश्मीर में लोकतंत्र की भागीदारी बढ़ी है। कश्मीर में विकास की रफ्तार तेज हुई है। वेनेजुएला मामले में आप समर्थन कर रहे हैं? दुनिया के लोकतांत्रिक देशों में चुनाव से नेता चुने जाते हैं, ऐसा वहां नहीं था। वेनेजुएला ड्रग ट्रैफिकिंग में शामिल था। लैटिन अमेरिका के इस रीजन में कोलंबिया भी दूसरा देश है जो ड्रग ट्रैफिकिंग में शामिल है। हम मादुरो के खिलाफ की गई कार्रवाई का समर्थन करते हैं, हालांकि हमारे प्रधानमंत्री भले इसके समर्थन में नहीं हो। अब मादुरो पर ट्रायल चलेगा और कानूनी कार्रवाई का सामना करना चाहिए। सीमा पार से आतंकवाद की समस्या को किस नजरिए से देखते हैं? पाकिस्तान को सीमा पार से आतंकवाद रोकना होगा। ये सभी को पता है कि सीमा पार से आतंकवाद को बढ़ावा मिल रहा है। ऑपरेशन सिंदूर में भारत की कार्रवाई सही थी। भारत को अपनी रक्षा का अधिकार है। भारत ने पाकिस्तान को बुरी तरह हराया है। पाकिस्तानी आतंकवादियों ने भारतीय इलाके में निर्दोष लोगों की हत्याएं कीं, वह आतंकी घटना अस्वीकार्य थी। भारत पूरी तरह सही था।
