कुम्हेर पंचायत समिति क्षेत्र के ग्राम सिकारौरी और पिचूमर में शुक्रवार को ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में लाभार्थियों को पट्टों का वितरण किया गया और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया। प्रधान रश्मि फौजदार की अगुआई में आयोजित इन शिविरों में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) रणवीर सिंह और सहायक अभियंता (एईएन) रामफल शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर के दौरान प्रधान रश्मि फौजदार ने मेडिकल कैंप में अपना स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया। उन्होंने ग्रामीणों को भी जांच और उपचार के लिए प्रेरित किया। शिविरों में योजनाओं का लाभ दिलाने, पट्टा व प्रमाण पत्र वितरण, चिकित्सा जांच और राजस्व कार्यों का निपटारे जैसी गतिविधियां संचालित की गईं। इसके अतिरिक्त, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि ग्रामीणों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि सरकार स्वयं गाँव तक पहुँचकर उनकी समस्याओं का समाधान करे।
