बसेड़ी में अग्रसेन जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में आशुभाषण और पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अग्रवाल सेवा समिति बसेड़ी और अग्रसेन मानव सेवा समिति बसेड़ी के देखरेख में यह कार्यक्रम 18 सितंबर को अग्रवाल धर्मशाला में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत अग्रवाल समाज अध्यक्ष हरिओम गर्ग और मानव सेवा समिति अध्यक्ष सियाराम गर्ग ने अग्रसेन महाराज के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की। प्रतियोगिता आयोजक समिति के अध्यक्ष सियाराम गर्ग ने बताया कि बालक-बालिकाओं के लिए दो प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। आशुभाषण प्रतियोगिता का विषय ‘अग्रसेन जी की जीवनी’ था, जबकि पोस्टर प्रतियोगिता ‘प्रकृति से छेड़छाड़’ थीम पर आधारित थी। इसमें कक्षा 9 से 12 तक के सीनियर वर्ग के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। अग्रवाल समाज अध्यक्ष हरिओम गर्ग ने ऐसी प्रतियोगिताओं के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इनसे बच्चों की छिपी हुई प्रतिभाएं सामने आती हैं और उनका शारीरिक व मानसिक विकास होता है। अग्रसेन मानव सेवा समिति के कोषाध्यक्ष रवि गोयल दौपुरा ने बताया कि दोनों प्रतियोगिताओं में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को 22 सितंबर को सम्मानित किया जाएगा। उन्हें अग्रसेन जयंती महोत्सव पर आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में समिति अध्यक्ष द्वारा मेडल देकर पुरस्कृत किया जाएगा। इस अवसर पर अग्रवाल समाज अध्यक्ष हरिओम गर्ग, सियाराम गर्ग, मुन्नालाल गोयल, बनवारी गोयल (खैरा वाले), महेश चंद गर्ग, संजय अग्रवाल, रवि गोयल (दौपुरा वाले), के.के. मित्तल, सूरज सिंघल, अंकुर बंसल और सौरभ सिंघल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कंटेंट: अंकित गर्ग बसेड़ी