भास्कर न्यूज | जालंधर जालंधर- अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर विधिपुर के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एलपीयू के एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक छात्र की पहचान जनार्दन के रूप में हुई है, जबकि घायल छात्र का नाम रियांश बताया गया है। दोनों छात्र मूल रूप से आंध्र प्रदेश के रहने वाले थे और फगवाड़ा स्थित एलपीयू में पढ़ाई कर रहे थे। रविवार दोपहर दोनों दोस्त बाइक पर सवार होकर अमृतसर स्थित श्री दरबार साहिब में माथा टेकने जा रहे थे। इसी दौरान विधिपुर के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई। सिर सड़क से टकराया, चोट बनी मौत की वजह प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना अचानक हुआ कि दोनों छात्रों को संभलने का मौका नहीं मिला। बताया जा रहा है कि जनार्दन ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था, जिसके कारण गिरने के दौरान उसका सिर सीधे कंक्रीट की सड़क से टकरा गया। सिर में गंभीर चोट लगने और अत्यधिक खून बहने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं रियांश को गंभीर चोटें आईं, जिसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना मकसूदां की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जालंधर के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों को आंध्र प्रदेश में सूचना दे दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि छात्र ने हेलमेट पहना होता, तो उसकी जान बच सकती थी।