जयपुर सीएमएचओ सैंकड की टीम ने आज जयपुर में प्रताप नगर स्थित रिलायंस रिटेल स्टोर पर छापा मारा। यहां से टीम को फ्रिज में एक्सपायरी डेट का दूध, छाछ और बटर के पैकेट मिले। इसी तरह अन्य जांच में खराब खाद्य सामाग्री भी मिला, जिसे टीम ने मौके पर जब्त करके नष्ट करवाया। जयपुर सीएमएचओ से मिली रिपोर्ट के मुताबिक शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत 181 पोर्टल पर शिकायत आई थी। इस शिकायत में स्टोर पर एक्सपायरी डेट का दूध और अन्य उत्पाद बेचने का उल्लेख था। शिकायत के बाद आज टीम ने जब प्रताप नगर स्थित रिलायंस रिटेल स्टोर पहुंची और वहां फ्रिज खोलकर देखा तो अमूल व अन्य ब्रांड के दूध, छाछ, बटर के पैकेट बरामद हुए। इन अलग-अलग प्रोडेक्ट पर एक्सपायरी डेट 12 सितंबर से 16 सितंबर तक की थी। लेकिन उसके बावजूद भी इन्हें बेचने के लिए फ्रिज में रखा था। टीम ने यहां से लगभग 20 लीटर दूध, 15 लीटर छाछ और 4 किलो बटर जब्त किया, जिसकी एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी। सब्जियां, फल समेत अन्य सामाग्री नष्ट करवाई दूध, छाछ, बटर के अलावा स्टोर से खराब फल, सब्जियों के अलावा दूसरे ग्रोसरी आइटम (राशन का सामान) भी खराब मिला जिसे नष्ट करवाया। टीम ने यहां से करीब 50 किलो सब्जियां और 25 किलो फल जब्त किए, जिन पर पैकिंग लेबल लगा था और उन पर एक्सपायरी डेट लिखी थी। इसी तरह स्टील की टंकियों में रखी दाल, चावल, बेसन में भी कचरा पाया गया। चने की दाल में इल्लियां चल रही थी। पूछताछ में फर्म के स्टोर मैनेजर पूरण जांगिड ने बताया कि इस स्टोर से खाद्य सामग्री ऑनलाइन ऑर्डर पर बेची जाती है। इसी तरह यहां मौके से बेसन और बेसन के लड्डू के नमूने लिए गए।
