भास्कर न्यूज | जालंधर शेखां बाजार को सुव्यवस्थित और आमजन के लिए सुविधाजनक बनाने की दिशा में बाजार शेखा शॉपकीपर्स एसोसिएशन ने पहल करते हुए दुकानों के आगे हरी लाइन लगाने का निर्णय लिया है। इस पहल का उद्देश्य बाजार में अव्यवस्था को खत्म कर पैदल चलने वालों और ग्राहकों को निर्बाध आवागमन की सुविधा देना है। एसोसिएशन के चेयरमैन अमित कुमार (मोंटू), प्रधान जसप्रीत सिंह (रिपी) एवं उप-चेयरमैन राजीव ग्रोवर ने कहा कि इस व्यवस्था को लेकर बाजार के दुकानदारों में खासा उत्साह देखा। प्रधान जसप्रीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गोलगप्पे वाले चौक तक दुकानों के सामने हरी लाइन लगाने का काम चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। इस लाइन के माध्यम से यह स्पष्ट किया गया है कि दुकानदार कितनी सीमा तक अपना सामान रख सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि कोई भी दुकानदार हरी लाइन की निर्धारित सीमा से आगे अपना सामान रखता पाया गया, तो उससे उत्पन्न होने वाली किसी भी असुविधा या कार्रवाई की पूरी जिम्मेदारी संबंधित दुकानदार की स्वयं की होगी। एसोसिएशन के चेयरमैन अमित कुमार (मोंटू) ने कहा कि यह निर्णय सभी दुकानदारों की सर्वसम्मति से लिया गया है। उन्होंने बताया कि हरी लाइन दुकान के शटर से कुछ कदम आगे तक निर्धारित की गई है, ताकि एक ओर दुकानदारों को अपना व्यापार सुचारू रूप से करने की सुविधा मिले, वहीं दूसरी ओर बाजार की खुली जगह बनी रहे और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उप-चेयरमैन राजीव ग्रोवर ने कहा कि इस व्यवस्था के लागू होने से बाजार में लगने वाले जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी। से बाजार यहां विजय मिड्ढा, मुकेश मल्होत्रा, सतविंदर सिंह, रोहित भंडारी, डिम्पल सिक्का, मोहित, मिकूं मौजूद रहे। दुकानों के बाहर हरी रेखा खींचते सदस्य।