झालावाड़ शहर के सखी सेंटर में एक विवाहिता ने फंदे से लटककर सुसाइड कर लिया। इस मामले में गुरुवार को परिजनों और पुलिस के बीच सहमति बनने के बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया गया। शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जानकारी के अनुसार भालता पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज होने के बाद महिला को एक युवक के साथ पकड़ा था। विवाहिता ने युवक के साथ ही रहने की इच्छा जताई थी, लेकिन बाद में युवक ने भी उसे अपने साथ रखने से इनकार कर दिया। इसके बाद भालता पुलिस ने विवाहिता को झालावाड़ के सखी सेंटर में छोड़ दिया था। सखी सेंटर में ही विवाहिता ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए तैयार नहीं हुए और अपनी मांगों को लेकर झालावाड़ अस्पताल में धरने पर बैठ गए थे। पुलिस ने लगातार परिजनों से वार्ता की, जिसके बाद गुरुवार को सहमति बनने पर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। इस मामले में परिजनों की ओर से सखी सेंटर के खिलाफ लापरवाही बरतने और विवाहिता को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने वाले युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग पर सहमति बनी है। साथ ही भालता पुलिस द्वारा परिजनों को समय पर झालावाड़ सखी सेंटर पर रखने की सूचना न देने के मामले में भी जांच करने पर सहमति बनी है।
