प्रतापगढ़ नगर परिषद की सभापति के पति द्वारा राष्ट्रीय पर्वों पर ध्वजारोहण, पुरस्कार वितरण और संबोधन करने पर कलेक्टर अंजलि राजोरिया ने सभापति को लेटर भेजा है। लेटर में कलेक्टर ने लिखा कि प्रहलाद गुर्जर नाम का व्यक्ति न तो नगर परिषद का निर्वाचित सदस्य है और ना ही पदाधिकारी है। साथ ही उसपर आपराधिक मामले दर्ज है। जिस कारण उसकी सामाजिक छवि संदिग्ध है। ऐसे में राष्ट्रीय पर्वों में इस व्यक्ति को प्रमुख भूमिका देना आपत्तिजनक है। कलेक्टर ने सभापति रामकन्या गुर्जर से प्रोटोकॉल उल्लंघन को लेकर रिपोर्ट मांगी है। प्रहलाद गुर्जर निर्वाचित सदस्य और पदाधिकारी नहीं-कलेक्टर कलेक्टर ने अपने पत्र में बताया- नगर परिषद कार्यालय भवन और अन्य स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों में प्रहलाद गुर्जर नामक व्यक्ति को बार-बार प्रमुख भूमिका में शामिल किया गया। यह तब हुआ जब वह न तो नगर परिषद का निर्वाचित सदस्य है और न ही कोई अधिकृत पदाधिकारी। सभापति और आयुक्त नगर परिषद की मौजूदगी में प्रहलाद गुर्जर ने ध्वजारोहण किया, अपना उद्बोधन दिया और पुरस्कार वितरण जैसी गतिविधियों में शामिल हुए। कलेक्टर ने इसे राष्ट्रीय पर्वों की गरिमा और प्रशासनिक मर्यादाओं, शासन निर्देशों का उल्लंघन बताया है। कलेक्टर ने प्रहलाद गुर्जर की सामाजिक छवि को संदिग्ध बताया पत्र में यह भी बताया गया कि प्रहलाद गुर्जर पर पहले से विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं। जिसके कारण उसकी सामाजिक छवि संदिग्ध रही है। ऐसे व्यक्ति को राष्ट्रीय पर्वों जैसे संवेदनशील अवसरों पर प्रमुख भूमिका देना आपत्तिजनक है। कलेक्टर ने सभापति से पूछा है कि नगर परिषद का कोई निर्वाचित सदस्य या अधिकृत प्रतिनिधि न होने के बावजूद गुर्जर को यह अवसर किन परिस्थितियों और किस आधार पर प्रदान किया गया। उन्होंने अब तक कोई निरोधात्मक या अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं किए जाने पर भी स्पष्टीकरण मांगा है। कलेक्टर ने सभापति को मामले का संज्ञान लेते हुए रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने लेटर के साथ 15 अगस्त 2025 को नगर परिषद में हुए कार्यक्रम की 6 फोटो भी भेजी है। पति ने तिरंगा नहीं फहराया, वे केवल पास में खड़े थे- सभापति मामले में नगर परिषद सभापति राम कन्या गुर्जर ने कहा- संविधान में ऐसा कहां लिखा है कि कोई व्यक्ति तिरंगे के पास खड़ा नहीं रह सकता। मेरे पति ने कोई तिरंगा नहीं फहराया। तिरंगे के पास तो आम आदमी भी खड़ा रह सकता है। मेरे पति ने ना तो कोई चोरी की है और ना ही कोई डाका डाला है। यह सब झूठी बातें हैं। लेटर के साथ कलेक्टर द्वारा भेजे गए PHOTOS

You missed