भारतीय रेलवे ने वेटिंग लिस्ट यात्रियों को राहत देते हुए रिजर्वेशन चार्ट तैयार करने की समय-सारणी में बड़ा बदलाव किया है। अब ट्रेनों का पहला रिजर्वेशन चार्ट ट्रेन के प्रस्थान से कम से कम 10 घंटे पहले तैयार किया जाएगा, जिससे यात्रियों को टिकट कन्फर्म न होने की स्थिति में समय रहते वैकल्पिक व्यवस्था करने का मौका मिलेगा। नई व्यवस्था के तहत लंबे रूट पर दूरदराज़ से आने वाले यात्रियों को स्टेशन पर घंटों चार्ट का इंतज़ार नहीं करना पड़ेगा। अब वे 10 घंटे पहले ही ऑनलाइन या पूछताछ के जरिए अपनी टिकट की मौजूदा स्थिति जान सकेंगे और जरूरत हो तो दूसरी ट्रेन, बस या कैंसलेशन जैसे विकल्प चुन सकेंगे। अलग-अलग समय की ट्रेनें, चार्ट कब बनेगा रेलवे की नई चार्टिंग व्यवस्था के अनुसार सुबह 5:01 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच प्रस्थान करने वाली ट्रेनों का पहला रिजर्वेशन चार्ट एक दिन पहले रात 8 बजे तैयार किया जाएगा। आधी रात 12 बजे से सुबह 5 बजे के बीच चलने वाली ट्रेनों के लिए पहला चार्ट गाड़ी के प्रस्थान से 10 घंटे पूर्व बनेगा। वहीं दोपहर 2:01 बजे से रात 11:59 बजे के बीच रवाना होने वाली सभी ट्रेनों के लिए पहला चार्ट कम से कम 10 घंटे पहले तैयार कर लिया जाएगा। जोधपुर मंडल ने समझाई व्यवस्था उत्तर पश्चिम रेलवे जोधपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि इस संबंध में रेलवे बोर्ड से गाइडलाइन प्राप्त हुई है और मंडल में इसे लागू किया जा रहा है। उनके अनुसार, पहले से चार्ट बनने से वेटिंग लिस्ट यात्रियों को अनावश्यक असुविधा से राहत मिलेगी और उनकी यात्रा योजना अधिक व्यवस्थित व सुगम हो सकेगी। यात्रा योजना में समय और स्पष्टता दोनों रेलवे का कहना है कि संशोधित चार्टिंग प्रणाली से यात्रियों को समय पर सटीक जानकारी मिलेगी, जिससे उनका समय बचेगा और यात्रा योजना में अधिक स्पष्टता आएगी। वेटिंग लिस्ट, RAC या कन्फर्म टिकट की स्थिति पहले से पता होने पर यात्री परिवार और कामकाज के हिसाब से बेहतर निर्णय ले सकेंगे।

You missed