भरतपुर जिले की बयाना विधायक ऋतु बनावत की ओर से कराए गए विकास कार्यों की जांच करने के जिला परिषद की टीम बयाना पंचायत समिति पहुंची। टीम ने विकास कार्यों का लेखा-जोखा लिखी फाइलें जब्त की। साथ ही संबंधित अधिकारियों से भी बात की। विधायक निधि में भ्रष्टाचार को लेकर दैनिक भास्कर ने 14 दिसंबर को खुलासा किया था। विकास कार्यों की अनुशंसा करने के नाम पर विधायक 40% तक कमीशन ले रहे हैं। इसी मामले में अब विधायक निधि से कराए कामों की जांच की जा रही है। हैंडपंप स्वीकृति की जांच की गई
भरतपुर जिला परिषद की अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रेखा रानी व्यास के नेतृत्व में टीम गुरुवार देर शाम टीम बयाना पंचायत समिति पहुंची। यहां टीम ने ग्राम पंचायत सीदपुर में विधायक निधि से कराए गए विकास कार्यों की जांच की। इसके साथ ही फाइल अपने कब्जे में ले ली है। इस विकास कार्य के तहत 80 हैंडपंप की स्वीकृति दी गई थी। विकास कार्यों से संबंधित फाइल की गई जब्त
इसके बाद टीम मुख्य ब्लॉक शिक्षा कार्यालय पहुंची, जहां पर विधायक निधि से स्कूलों में आई दरी-पट्टियों के संबंध में जांच की गई। उसके बाद टीम सीदपुर ग्राम पंचायत में पहुंची और यहां भी विधायक निधि से हुए विकास कार्यों की जानकारी ली। बयाना कस्बे के भावड़ा गली स्थित राजकीय प्राथमिक स्कूल और गांव ककलपुरा स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल में विधायक निधि से आई दरी पट्टियों की जांच की गई। टीम में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी के साथ 2 विकास अधिकारी, जिला परिषद के एक्सईएन और लेखा अधिकारी शामिल थे। 3 दिन पहले लगे थे पोस्टर
इससे पहले 15 दिसंबर की देर रात विधायक ऋतु बनावत और उनके पति ऋषि बंसल के खिलाफ बयाना के रूपवास में हनुमान तिराहे पर पोस्टर लगाए गए थे। इसमें लिखा था- कमीशन खोर बयाना-रूपवास छोड़। बयाना विधायक का नारा अब 40 प्रतिशत रहेगा हमारा। इसके बाद विधायक बनावत के देवर रविंद्र बंसल ने शिकायत दी थी। 14 दिसंबर को दैनिक भास्कर ने किया था खुलासा
विधायक निधि में भ्रष्टाचार पर दैनिक भास्कर ने 14 दिसंबर को खुलासा किया था। विकास कार्यों की अनुशंसा करने के नाम पर विधायक 40% तक कमीशन ले रहे हैं। इसे उजागर करने के लिए भास्कर रिपोर्टर ने एक डमी फर्म का प्रोपराइटर बनकर विधायकों से संपर्क किया था। उन्हें बताया था कि ये फर्म खादी ग्रामोद्योग बोर्ड से संबद्ध है और विधायक निधि से स्कूलों में दरी फर्श (कारपेट) सप्लाई करती है। बिना यह जाने कि इसकी कीमत कितनी है और इनकी स्कूलों में जरूरत है या नहीं, विधायक अनुशंसा करने को तैयार हो गए थे। उनका सिर्फ एक ही सवाल पर फोकस रहा– हमें कितना प्रतिशत मिलेगा? विधायक के पति ने की थी 40 लाख में डील
खींवसर (नागौर) से भाजपा विधायक रेवंतराम डांगा, हिंडौन (करौली) से कांग्रेस की अनीता जाटव और बयाना (भरतपुर) से निर्दलीय विधायक ऋतु बनावत से डील की थी। बीजेपी विधायक डांगा बोले थे- 40% दो, 50 लाख का काम दूंगा। कांग्रेस की विधायक अनीता ने 50 हजार लिए और 80 लाख का लेटर दे दिया था। इधर, निर्दलीय विधायक ऋतु बनावत के पति ने 40 लाख की डील फाइनल कर दी थी। डांगा और अनीता ने तो जिला परिषद के सीईओ के नाम अनुशंसा-पत्र भी दे दिया था। राजस्थान में प्रत्येक विधायक को विधानसभा सदस्य स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत सालाना 5 करोड़ रुपए मिलते हैं। भास्कर के खुलासे के बाद भजनलाल सरकार ने विधायक कोष से अनुशंसा करने के नाम पर कमीशन मांगने वाले तीनों विधायकों के एमएलए लैड खाते सीज कर दिए। इनपुट- महेश शर्मा, बयाना, भरतपुर …………….. विधायकों के कमीशन मांगने से जुड़ी ये खबरें भी पढ़िए… MLA ऋतु बनावत के खिलाफ लगे पोस्टर: लिखा- विधायक का नारा, अब 40 प्रतिशत रहेगा हमारा; देवर ने कराई FIR भरतपुर के बयाना विधायक ऋतु बनावत और उनके पति ऋषि बंसल के खिलाफ विधानसभा क्षेत्र में पोस्टर लगाए गए हैं। विधायक और उनके पति की तस्वीर पर क्रॉस का निशान लगाया गया है। लिखा- कमीशन खोर बयाना-रूपवास छोड़। बयाना विधायक का नारा, अब 40 प्रतिशत रहेगा हमारा। (पढ़ें पूरी खबर) विधायक अनीता जाटव के खिलाफ लगे पोस्टर:लिखा- कमीशनखोर, गद्दी छोड़; SDM बोले- पता नहीं, किसने लगवाए करौली के हिंडौन सिटी में कांग्रेस विधायक अनीता जाटव के खिलाफ होर्डिंग लगाया गया है। इस पर लिखा है- कमीशनखोर, गद्दी छोड़। विधायक की तस्वीर के पर क्रॉस का निशान भी बनाया गया है। (पढ़ें पूरी खबर) 3 विधायक कमीशन की डील करते कैमरे में कैद, कांग्रेस की अनीता ने 50,000 लिए, बीजेपी के डांगा बोले-40% दो; निर्दलीय ऋतु से 40 लाख की डील विधायक निधि में भ्रष्टाचार पर भास्कर पहली बार अब तक का सबसे बड़ा खुलासा कर रहा है। इसमें विकास कार्यों की अनुशंसा करने के नाम पर विधायक 40% कमीशन ले रहे हैं। (पूरी खबर पढ़ें…)
