बाड़मेर में लव मैरिज से नाराज लड़की वालों ने लड़के के बड़े भाई पर हमला कर दरांती से नाक काट दी। इधर, इस हमले के बाद लड़के वालों ने लड़की के चाचा का पैर काट दिया। मामला गुड़ामालानी थाना क्षेत्र के जीवाणियों की ढाणी में बुधवार शाम 7:30 बजे का है। इसमें घायल हुए लड़की के जेठ उक सिंह का सांचौर और चाचा धर्म सिंह का जोधपुर में इलाज चल रहा है। ढाई साल पहले की थी लव मैरिज
जानकारी के अनुसार जीवाणियों की ढाणी निवासी श्रवण सिंह (25) ने ढाई साल पहले पड़ोस में रहने वाली लड़की से लव मैरिज की थी। इसके बाद श्रवण के बड़े भाई उक सिंह (35) और लड़की के चाचा धर्म सिंह (50) के परिवार के बीच में विवाद हो गया था। लव मैरिज से नाराज लड़की के घरवाले बदला लेने की फिराक में थे। बुधवार शाम को उक सिंह खेत से आ रहा था। इसी दौरान धर्मसिंह और उसके साथियों ने उक सिंह पर हमला कर उसकी नाक काट दी। इसके बाद उक सिंह जैसे-तैसे घर पहुंचा। यहां जैसे ही उक सिंह के घरवालों को पता चला तो वे लड़की के घर पर पहुंचे और धर्म सिंह पर हमला कर दिया। यहां मारपीट के दौरान धर्म सिंह के पैर तोड़ दिए। हमले में घायल दोनों को गंभीर हालात में गुड़ामालानी हॉस्पिटल लाया गया है। उक सिंह काे प्राथमिक उपचार के बाद सांचौर रेफर कर दिया गया। वहीं धर्म सिंह को जोधपुर रेफर कर दिया गया है। श्रवण सिंह अपने परिवार के साथ गुजरात में रहता है। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उक सिंह के बयान के आधार पर धर्म सिंह पक्ष के शंकर सिंह, शैतान सिंह, तनसिंह और सुमेर सिंह को गिरफ्तार किया है। वहीं धर्म सिंह के बयान के आधार पर उक सिंह पक्ष के नारायण सिंह, आलम सिंह, जालम सिंह को गिरफ्तार किया है।
