उत्तर भारत में एक्टिव हुए वेस्टर्न डिस्टरबेंस का प्रभाव राजस्थान में भी देखने को मिला है। गुरुवार को राज्य के उत्तर-पश्चिम के सभी जिलों में आसमान में हल्के बादल छाए। इससे न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई। लोगों को तेज सर्दी से मामूली राहत मिली। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में अगले कुछ दिन इस सिस्टम का असर रहने और हल्के बादल छाए रहने की संभावना जताई है। साथ ही इस साल के अंत तक राज्य में मौसम साफ रहने, सर्दी सामान्य रहने और दिन में तेज धूप रहने का भी फोरकास्ट जारी किया है। इधर बादलों के कारण इन शहरों में गुरुवार दिन में धूप थोड़ी हल्की रही। धूप हल्की रहने से दिन के तापमान में मामूली गिरावट हुई। तीन शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे राजस्थान में गुरुवार को लूणकरणसर, फतेहपुर, नागौर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.3 और 4.4 डिग्री सेल्सियस फतेहपुर और नागौर में दर्ज हुआ। साल के आखिरी तक सर्दी सामान्य रहेगी मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में अगले 2 सप्ताह का पूर्वानुमान जारी किया है। इसमें 1 जनवरी 2026 तक प्रदेश में बारिश नहीं होने की संभावना जताई है। साथ ही प्रदेश में अगले एक दो सप्ताह मौसम साफ रहने और सर्दी सामान्य रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज होने और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास दर्ज होने की संभावना व्यक्त की है।
