बालेसर उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत देवातु के मोड़सिंह नगर में राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल की टीम ने अवैध कपड़ा धुलाई की दो फैक्ट्रियों के खिलाफ कार्रवाई की है। इस दौरान एक फैक्ट्री को ध्वस्त किया गया, जबकि दूसरी इकाई पहले से ही टूटी हुई पाई गई। राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल, जोधपुर ग्रामीण टीम के क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी जगदीश चौधरी ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से शिकायत मिली थी कि ग्राम पंचायत देवातु के मोड़सिंह नगर में अवैध कपड़ा धुलाई की फैक्ट्रियां संचालित की जा रही हैं। इसी शिकायत के आधार पर बुधवार को प्रदूषण नियंत्रण मंडल और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके का निरीक्षण किया। जांच में मांगू कंवर पत्नी रूप सिंह और पदम सिंह के नाम से दो इकाइयां बिना भू-उपयोग परिवर्तन और प्रदूषण मंडल की सहमति के बिना स्थापित पाई गईं। संयुक्त टीम ने इन इकाइयों को मौके पर ही बंद करवा दिया। एक इकाई को ध्वस्त किया गया, जबकि दूसरी इकाई पहले से ही टूटी हुई मिली। भविष्य में बिना अनुमति के ऐसी अवैध इकाइयां संचालित न करने के लिए संबंधितों को पाबंद भी किया गया है। इस कार्रवाई के दौरान प्रदूषण मंडल के अधीक्षण वैज्ञानिक अधिकारी दीपक ओझा सहित राजस्व विभाग के कार्मिक मौजूद रहे।
