नोखा कस्बे के जोरावरपुरा समता भवन क्षेत्र में बुधवार शाम को चेन स्नैचिंग की वारदात हुई। एक महिला ने बदमाशों का बहादुरी से मुकाबला किया, जिसके बाद लुटेरे अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर पैदल ही फरार हो गए। पुलिस ने बाइक जब्त कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। घरेलू काम से जा रही थी महिला
पार्षद जेठू सिंह राजपुरोहित ने बताया-घटना सेवानिवृत्त पटवारी गोपालराम छींपा की बेटी के साथ हुई। महिला अपने घरेलू कार्य से घर से जा रही थी, तभी समता भवन के पास दो युवकों ने उसे एक घर का पता पूछने के बहाने रोका। महिला जब रुककर उनकी बात सुन रही थी, तभी मुंह पर रुमाल बांधे एक युवक ने उसके गले से सोने की चेन तोड़ ली। बदमाश लगभग 20 फीट दूर खड़ी अपनी मोटरसाइकिल की ओर भागे, जिसे उन्होंने पहले से ही गली के किनारे खड़ा कर रखा था। अचानक हुई इस घटना से महिला घबराई नहीं। उसने हिम्मत दिखाते हुए लुटेरों की बाइक के सामने जाकर उसे पैर से जोर से मारा। बाइक सड़क पर गिर गई, जिससे बदमाश घबरा गए और अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर पतली गलियों से पैदल ही फरार हो गए। गश्त बढ़ाने की मांग
महिला के शोर मचाने पर पड़ोस के लोग बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मोटरसाइकिल को जब्त कर थाने ले गई। पुलिस ने फरार बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पार्षद जेठूसिंह राजपुरोहित ने कस्बे में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
