हनुमानगढ़। जिले की राठीखेड़ा क्षेत्र में 500 करोड़ की लागत से लग रही एशिया की सबसे बड़ी एथेनॉल फैक्टरी बंद करने की छिड़ी जंग के बीच बुधवार को जंक्शन मंडी परिसर में किसानों की महापंचायत हुई। संयुक्त किसान यूनियन के राष्ट्रीय नेता राकेश टिकैत ने मंच के माध्यम से ऐलान किया कि जब तक फैक्टरी को बंद व एमओयू रद्द करने को लेकर स्पष्ट आदेश जारी नहीं होते तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि एक बार फैक्टरी लगने पर दोबारा बंद नहीं होगी। टिकैत ने कलक्टर की ओर से ट्रैक्टर को हथियार बताने के बयान की निंदा की।
