रानीवाड़ा में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी (ईआरओ) कार्यालय में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। चर्चा का मुख्य उद्देश्य प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन और उससे जुड़ी प्रक्रिया की जानकारी साझा करना रहा। बैठक के दौरान प्रतिनिधियों को विशेष गहन पुनरीक्षण प्रारूप मतदाता सूची की हार्ड कॉपी और सॉफ्ट कॉपी दोनों उपलब्ध कराई गईं। अधिकारियों ने अब तक की गई कार्यवाही, सूची तैयार करने की प्रक्रिया और आगामी चरणों के बारे में विस्तार से जानकारी दी, ताकि राजनीतिक दल सही और पारदर्शी तरीके से इसमें सहयोग कर सकें। पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की अपील अधिकारियों ने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने स्तर पर अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि सही और अद्यतन मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए बेहद जरूरी है। एएसडी मतदाताओं की सूची भी उपलब्ध बैठक में यह भी बताया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण प्रारूप मतदाता सूची के साथ-साथ एएसडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित अथवा मृत) मतदाताओं की सूची भी उपलब्ध कराई गई है। ये सूचियां ईआरओ कार्यालय, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी (एईआरओ) कार्यालय और संबंधित मतदान केंद्रों पर बीएलओ के पास रखी गई हैं। अधिकारियों के अनुसार मतदाता और आम नागरिक इन सूचियों का अवलोकन कर सकते हैं। निर्धारित प्रक्रिया के तहत नाम जोड़ने, हटाने या आवश्यक सुधार से संबंधित कार्यवाही कराई जा सकती है, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह सही और अद्यतन बनी रहे।
