शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के फौलादपुर गांव की सीमा में स्थित आशादीप हाउसिंग सोसायटी में सोमवार-मंगलवार की रात करीब 3:15 बजे बड़ी चोरी की वारदात सामने आई। नकाबपोश बदमाशों ने एक फ्लैट का ताला तोड़कर करीब 1.25 लाख रुपये के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के समय फ्लैट मालिक परिवार सहित अपने पैतृक गांव गए हुए थे, जिसका बदमाशों ने पूरा फायदा उठाया। पीड़ित मनीष कौशल ने बताया कि तीन नकाबपोश बदमाश सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देते हुए पीछे खेतों के रास्ते से आए। बदमाश सीढ़ी लगाकर फ्लैट तक पहुंचे और उनके हाथों में फावड़े जैसे धारदार हथियार थे। इससे साफ है कि वे पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देने आए थे। मुख्य गेट और लॉकर तोड़कर की चोरी बदमाशों ने फ्लैट के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पूरे घर को खंगाल डाला। उन्होंने लॉकर भी तोड़ दिया। चोर दो सोने की अंगूठियां (करीब 6 ग्राम, अनुमानित कीमत 90 हजार रुपये), बच्चों के चांदी के कड़े (करीब 30 ग्राम, 6 हजार रुपये), दो पुराने चांदी के सिक्के (करीब 4 हजार रुपये) और लगभग 30 हजार रुपये नकद ले गए। कुल चोरी गए सामान की कीमत सवा लाख रुपये के आसपास बताई जा रही है। कानपुर गए थे दंपती, सुबह पड़ोसियों से मिली जानकारी मनीष कौशल मूल रूप से कानपुर के निवासी हैं और वर्तमान में नीमराना की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। वे फौलादपुर नीमराना क्षेत्र की ग्रीन आर्केड सोसायटी के फ्लैट नंबर डी-004 (लैवेंडर) में किराए पर रहते हैं। घटना के समय वे अपनी पत्नी के साथ कानपुर के गुजैनी क्षेत्र गए हुए थे। मंगलवार सुबह पड़ोसियों से बातचीत के दौरान उन्हें चोरी की जानकारी मिली। सीसीटीवी में कैद हुए चार-पांच नकाबपोश फ्लैट और सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों में चार से पांच नकाबपोश बदमाशों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। फुटेज में बदमाशों को गेट का ताला तोड़ते, फ्लैट के अंदर जाते और वारदात के बाद वापस जाते हुए देखा गया है। फुटेज में उनके हाथों में धारदार हथियार भी नजर आ रहे हैं, जिससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि यदि परिवार घर पर होता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। पहले भी हो चुकी है चोरी की कोशिश, बढ़ा डर गौरतलब है कि 27 नवंबर की रात भी आशादीप हाउसिंग सोसायटी में चोरी का प्रयास हुआ था। उस समय फ्लैट मालिक के जाग जाने पर बदमाश फरार हो गए थे। लगातार हो रही घटनाओं से सोसायटी के निवासियों में डर का माहौल है। लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रबंधन से नाराज हैं और सिक्योरिटी गार्ड की संख्या बढ़ाने के साथ रात में नियमित गश्त की मांग कर रहे हैं। चोरी की सूचना मिलते ही शाहजहांपुर पुलिस मौके पर पहुंची। एसएफएल की मोबाइल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। नीमराना थाने के सीआई ने भी मौके पर पहुंचकर हर पहलू से जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी हुई है।
