नागौर बार संघ के लिए आज हुए मतदान में एडवोकेट पवन श्रीमाली ने भगवान सिंह को 143 मतों से हराकर जीत हासिल की। पवन श्रीमाली को 447 मतों में से 295 मत मिले, जबकि भगवान सिंह को मात्र 152 मत ही हासिल हुए। अन्य पदों के लिए यह रहे नतीजे सचिव पद पर क्षेमेन्द्र बेड़ा ने रामदेव सिंवर को 70 मतों से मात दी। क्षेमेन्द्र को 254 जबकि रामदेव को 184 मत हासिल हुए वहीं 9 वकीलों ने नोटा चुना। कोषाध्यक्ष पद पर भोपाल सिंह ने 316 मत हासिल कर बीरबल कमेड़िया को 195 मतों से हराया। कमेड़िया को मात्र 121 मत प्राप्त हुए जबकि 10 वोट नोटा को भी मिले। पुस्तकालयाध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में थे, जिनमें से मनोज जाखड़ ने सर्वाधिक 252 वोट हासिल कर 160 मतों से जीत दर्ज की जबकि उनके प्रतिद्वंदी वकीलों जयसिंह बड़गुर्जर को 90 और पुरुषोत्तम व्यास को 92 वोट मिले। परिणामों की घोषणा के साथ ही कोर्ट परिसर से वकीलों ने विजय जुलूस निकाला और विजय अध्यक्ष पवन श्रीमाली के घर तक पहुंचे वहां से बंशिवाला मंदिर जाकर जुलूस का समापन हुआ। लोकतंत्र की जीत जीत के बाद विजय जुलूस के साथ नगर सेठ बंशिवाला मंदिर पहुंचे पवन श्रीमाली ने इसे लोकतंत्र और युवाओं की जीत बताते हुए कहा कि मैं वकीलों कि बेहतरी के लिए काम करूंगा। उन्होंने कहा- कोर्ट में नए आने वाले वकीलों से जो फीस ली जाती है, वो 5 से 10 साल तक नहीं ली जाएगी। मतदान को लेकर रहा भारी उत्साह चुनाव को लेकर कोर्ट परिसर में सुबह से ही गहमागहमी का माहौल बना हुआ था। अधिवक्ताओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह नजर आ रहा था। मुख्य चुनाव अधिकारी राधेश्याम सांगवा की देखरेख में पूरी प्रक्रिया संचालित की जा रही थी। चुनाव को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे । जहां पिछले दो चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न हुए थे, वहीं इस बार प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला । कचहरी परिसर में हर तरफ समर्थक अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में अंतिम दौर का जनसंपर्क करते नजर आ रहे थे। चार पदों पर 9 प्रत्याशी आजमा रहे थे किस्मत आज हो रहे मतदान में कुल चार पदों के लिए नौ उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे । उपाध्यक्ष और संयुक्त सचिव निर्विरोध निर्वाचित मतदान से पहले ही उपाध्यक्ष पद पर मुकेश चौधरी और संयुक्त सचिव पद पर भगवतराम खुड़ीवाल को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया जा चुका है।नाम वापसी की प्रक्रिया के दौरान अध्यक्ष पद से अजीत कुमार ओझा, उपाध्यक्ष पद से सुनील कुमार त्रिवेदी और महासचिव पद से कांता बोथरा ने अपने नाम वापस ले लिए थे। इसके बाद शेष पदों पर आज मतदान कराया गया था ।
