भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत राज्य में मतदाता सूची अद्यतन करने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में विधानसभा क्षेत्र बड़ीसादड़ी-171 में 4 नवंबर 2025 से 11 दिसंबर 2025 तक गणना चरण संचालित किया गया। इस दौरान सभी पात्र मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए और भरे हुए प्रपत्र संग्रहित किए गए। प्रशासन के अनुसार यह चरण अब पूरी तरह संपन्न हो चुका है। गहन पुनरीक्षण कार्य शुरू होने से पहले बड़ीसादड़ी विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,86,567 मतदाता दर्ज थे। इन सभी मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए गए थे। गणना चरण के दौरान मतदाताओं द्वारा भरे गए प्रपत्र जमा कराए गए, जिसके आधार पर उनके नाम 16 दिसंबर 2025 को जारी प्रारूप मतदाता सूची में शामिल कर लिए गए हैं। बीएलओ और बूथ लेवल एजेंटों के बीच हुई बैठकें गणना चरण के दौरान 6 दिसंबर से 11 दिसंबर 2025 तक प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) द्वारा राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में बीएलओ ने संबंधित बूथ क्षेत्र में अप्राप्त गणना प्रपत्रों की सूची और उनके कारण साझा किए, ताकि एजेंटों द्वारा इसका अवलोकन किया जा सके और पारदर्शिता बनी रहे। 16,635 मतदाताओं के प्रपत्र रहे अप्राप्त इस गणना चरण में कुल 16,635 मतदाताओं के गणना प्रपत्र अप्राप्त पाए गए। इनमें 4,892 मृत मतदाता, 9,471 स्थायी रूप से स्थानांतरित, 881 अनुपस्थित और 1,391 ऐसे मतदाता शामिल हैं जो मतदाता सूची में एकाधिक स्थान पर पंजीकृत पाए गए। इन सभी अप्राप्त प्रपत्रों की सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान की वेबसाइट और चित्तौड़गढ़ जिले की वेबसाइट पर सार्वजनिक की गई है। साथ ही यह सूची मतदान केंद्रों, ग्राम पंचायत मुख्यालयों और नगरीय निकाय कार्यालयों में आमजन के अवलोकन के लिए चस्पा की गई है। नए मतदाताओं के लिए फॉर्म-6 प्रक्रिया जारी नए मतदाताओं के पंजीकरण हेतु फॉर्म-6 ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से बीएलओ के जरिए प्राप्त किए जा रहे हैं। निर्धारित जांच और प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र आवेदकों के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फॉर्म-6 प्राप्त करने का कार्य इस अवधि में भी लगातार जारी रहेगा। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों विकल्प उपलब्ध आम नागरिक वोटर हेल्पलाइन ऐप या वोटर सर्विस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म-6 भर सकते हैं। इसके अलावा बीएलओ को घोषणा पत्र सहित फॉर्म-6 जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध है। जो युवा 1 अप्रैल 2026, 1 जुलाई 2026 या 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे भी अग्रिम आवेदन के रूप में फॉर्म-6 और निर्धारित घोषणा पत्र भरकर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
