रावतभाटा नगर के वार्ड नंबर 22 स्थित चर्च बस्ती में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक मजदूर मकान पर काम करते समय 11 केवी विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मिली जानकारी के अनुसार मजदूर एक मकान पर प्लास्टर कार्य के लिए भाड़ा यानी मचान बांध रहा था। इसी दौरान उसके सिर के ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन से संपर्क हो गया। तेज करंट लगते ही मजदूर संतुलन खो बैठा और नीचे गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घायल की पहचान दीपक पंवार के रूप में हुई हादसे में घायल मजदूर की पहचान दीपक पंवार के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत परमाणु बिजलीघर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए उपजिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल दीपक पंवार का इलाज जारी है। बिजली लाइन हटाने की मांग लंबे समय से स्थानीय वार्डवासियों का कहना है कि चर्च बस्ती के ऊपर से गुजर रही इस 11 केवी बिजली लाइन को हटाने या शिफ्ट करने की मांग लंबे समय से की जा रही है। इस संबंध में संबंधित विभाग को कई बार शिकायतें भी दी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पहले भी हो चुके हैं कई हादसे क्षेत्रवासियों के अनुसार इस खतरनाक बिजली लाइन की वजह से पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। पूर्व पार्षद अनिक बलसोरी ने बताया कि अब तक इस लाइन से करीब आठ हादसे हो चुके हैं, जिनमें एक व्यक्ति की जान भी जा चुकी है। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय रहते लाइन शिफ्ट नहीं की गई, जिससे ऐसे हादसे दोहराए जा रहे हैं। घटना के बाद बढ़ा आक्रोश, कार्रवाई की मांग हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी रोष देखा गया। वार्डवासियों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से जल्द से जल्द 11 केवी लाइन को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
