अलवर| वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने कहा कि अलवर शहर की पेयजल समस्या के निदान के लिए एमएलए लैड की एक साल की सम्पूर्ण राशि पानी को दी। सिलीसेढ़ झील में प्रस्तावित 35 बोरिंगों से अलवर शहर में पानी आएगा। इसका विरोध करने वाले भी शहरवासियों की समस्या समझें। वे मंगलवार को दो साल का कार्यकाल पूरा होने पर सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय परिसर में तीन दिवसीय जिला विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ करते हुए बोल रहे थे। राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित जिला विकास पुस्तिका का विमोचन किया गया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने दोनों बजटों में विकास की ऐतिहासिक सौगाते दी हैं। इसमें रामजल सेतु लिंक परियोजना से जोड़ने, सिलीसेढ़ पेयजल परियोजना, नटनी का बारा वियर से जयसमंद बांध तक नहर का उन्नयन कार्य, भाखेडा एनीकट निर्माण, बायोलॉजिकल पार्क, विज्ञान केंद्र, डिजिटल प्लेटेनेरियम, अखैपुरा पुलिस थाना, अलवर शहर के हनुमान सर्किल व थानागाजी में बस स्टैण्ड निर्माण कार्य नगर वन व मातृवन, गुरूनानक वाटिका, नमोवन, कन्या महाविद्यालय, महिला पॉलोटेक्निक कॉलेज, बालिका सैनिक स्कूल एवं केंद्रीय विद्यालय जैसी अनेकों सौगाते शामिल हैं। प्रदर्शनी में विभागीय योजनाओं व नवाचारों को दर्शाया गया है। सेल्फी पॉइंट आकर्षण का केंद्र रहा। आमजन 18 दिसंबर तक सुबह 9:30 से शाम 6 बजे तक प्रदर्शनी का अवलोकन कर सकते हैं। कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला, पूर्व विधायक जयराम जाटव, जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, महापौर घनश्याम गुर्जर, विवेक प्रधान आदि मौजूद थे।