डिस्कॉम की विजिलेंस टीम द्वारा तीन गावों में सात ग्रामीणों को बिजली की चोरी करते हुए पकड़ा है। जिसपर अवैध डिम्मा जब्त कर 3.5 लाख का जुर्माना लगाया गया है। सहायक अभियंता ज्ञानप्रकाश ने बताया कि अधीक्षण अभियंता डीग व अधिशाषी अभियंता चंद्रेश शर्मा के निर्देश पर विजिलेंस चैकिंग अभियान के तहत उपखण्ड क्षेत्र के गांव उड़की दल्ला, बनैनी धौकला व विडगवां में सात ग्रामीणों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया है। जिससे उपभोक्ताओं को बिजली की समस्या बनी हुई थी। ऐसे में विजिलेंस टीम ने उक्त ग्रामीणों के अवैध टांसफार्मर (डिम्मा) को जब्त करने की कार्रवाई की। साथ ही सातों ग्रामीणों पर बिजली चोरों की वीसीआर भरकर साढे तीन लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। थ्री फेज बिजली कम मिलने पर बढ़ रहे अवैध डिम्मा इन दिनों रबी फसल की सिंचाई को लेकर किसानों को पानी की जरूरत बनी रहती है। लेकिन राज्य सरकार द्वारा कृषि कनेक्शनों के लिए थ्री फेस बिजली आपूर्ति का समय निश्चित है। ऐसे में किसान स्थानीय मिस्त्रियों के मार्फत अवैध रूप से डिम्मा तैयार कराकर उन्हें सिंगल फेस से चलाकर चोरी की बिजली से फसल सिंचाई करते है। जबकि आम उपभोक्ता बिजली समस्या को लेकर परेशान बने रहते हैं। इसी छीजत को रोकने के लिए डिस्कॉम टीम निरंतर रूप से बिजली चोरी के खिलाफ छापेमारी कर अवैध रूप से डिम्मा को जब्त कर संबंधित व्यक्ति की वीसीआर भरने की कार्रवाई करती है।
