राज्य सरकार ने पशुधन निरीक्षकों की नियुक्ति में पूर्ण पारदर्शिता रहे, इसके लिए एक ऐसा ऑनलाइन फॉरमेट तैयार किया है, जिससे किसी भी अभ्यर्थी को शिकायत नहीं रहे। पशुधन निरीक्षक परीक्षा-2024 के परिणाम घोषित किए जाने के बाद नियुक्ति देने की ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी प्रक्रिया में ऐसा फॉरमेट दिया है, जिसमें प्रत्येक अभ्यर्थी को सामान्य जिलों के 2277 पदों के लिए इतने ही स्थानों के लिए और अनुसूचित क्षेत्र के 313 पदों के लिए इतने ही विकल्प ऑनलाइन भरने होंगे। सभी अभ्यर्थियों का पदस्थापन आवंटन मैरिट कम प्रस्तुत विकल्प के आधार पर ऑनलाइन काउंसलिंग के माध्यम से किया जाएगा। विकल्प नहीं भरने की स्थिति में जितने भी विकल्प भरे जाएंगे, उसके आधार पर या बचे स्थानों पर रेंडम पोस्टिंग दे दी जाएगी। विभाग का यह भी कहना है कि जो विकल्प भरे गए हैं, उनमें पदस्थापन हो, यह जरूरी नहीं होगा। पहली बार महिलाओं की नियुक्ति सुगम होगी
इस ऑनलाइन फॉरमेट में कुछ ऐसे कॉलम भी दिए गए हैं, जिससे सिर्फ वरीयता के आधार पर ही नियुक्ति संभव होगी। इसमें पहली बार अविवाहित महिला या एकल महिला के लिए एक अलग से कॉलम दिया गया है, जिसे भरने के बाद उसकी नियुक्ति ज्यादा दूर नहीं हो, ऐसा विकल्प तय किया गया है। इसी तरह एक अन्य कॉलम में काउंसलिंग के समय यह भरवाया जा रहा है, जिसमें यदि पति अथवा पत्नी पहले से सरकारी नौकरी में है तो वह किस स्थान पर है, यह भरना होगा। इससे अभ्यर्थी को पति या पत्नी के साथ एक ही जिले-स्थान पर नियुक्ति दी जा सकेगी। आमतौर पर नियुक्तियों के समय अलग जिले मिलने से बाद में तबादले के लिए चक्कर काटने पड़ते हैं। फॉरमेट में राज्य सेवा में होने का प्रमाणपत्र भी अपलोड करवाया जा रहा है। “भर्ती के बाद नियुक्ति में पारदर्शिता के लिए यह फॉरमेट तैयार किया गया है। इससे वरीयता के आधार पर ही जिले-स्थान अभ्यर्थियों को मिल सकेंगे। जिनकी मेरिट के आधार, विकल्पों के आधार पर उच्च स्थान हैं, उन्हें सबसे नजदीक के स्थान पर पद दिया जा सकेगा।”
-डॉ. समित शर्मा, सचिव, पशुपालन विभाग
