चांदी अप्रत्याशित उछाल के साथ गुरुवार को जयपुर में 1.93 लाख रुपए प्रति किलो के पार हो गई। कीमत में इस उछाल की वजह चांदी की औद्योगिक मांग बताई जा रही है, लेकिन यह आधा सच है। इसकी एक दूसरी बड़ी वजह अमेरिका से जयपुर तक सट्टा यानी डब्बा कारोबार भी है। इस गणित को जानने के लिए भास्कर ने जब स्टिंग किया तो सामने आया कि राजस्थान में हजारों किलो चांदी के कागजी सौदे डब्बा ऑपरेटर्स के पास किए जा रहे हैं। इन कागजी सौदों में 65 फीसदी शॉर्ट सेल के हैं। यानी खुदरा निवेशकों ने बिना खरीदे ही डब्बे में चांदी बेच दी। ऐसे में बढ़ती कीमत से इन खुदरा निवेशकों को बड़ा नुकसान का अंदेशा है। उधर, भास्कर रिपोर्टर से डब्बा ऑपरेटर बोले चांदी तो 2 लाख रुपए किलो तक जाएगी ही। बता दें भास्कर ने जयपुर, अलवर में डब्बा ऑपरेटरों और बेंगलुरु, मुंबई और दिल्ली में ऑनलाइन ट्रेडिंग फर्मों से 65 हजार रु. में 30 किलो चांदी बेचने यानी शॉर्ट सेल के सौदे किए हैं। डब्बा ऑपरेटर ने कहा कि मार्केट में चांदी की ना तो डिमांड है और ना ही इतनी कीमत होनी चाहिए। लेकिन सट्टेबाजी से इसकी कीमत चढ़ रही है। भास्कर इनसाइट- समझिए कीमत बढ़ने का गणित जब चांदी में अचानक तेजी आई तो खुदरा निवेशकों ने बड़ी तादाद में डब्बा ऑपरेटरों के पास बिना स्टॉक के चांदी बेच दी यानी शॉर्ट सेल कर दी, ताकि कीमत घटने पर सौदा निपटा कर मुनाफा कमा सकें। ऐसे में डब्बा ऑपरेटरों को बड़ा नुकसान होगा। इससे बचने के लिए न्यूयॉर्क से जयपुर तक के डब्बा कारोबारी कॉमैक्स और एमसीएक्स पर कागजी सौदे कर बाजार में कृत्रिम मांग बनाए हुए हैं, जिससे कीमतें घटने की बजाय लगातार बढ़ रही हैं। इस वजह से 11 माह में चांदी 120 फीसदी महंगी हो चुकी है। शुक्रवार को जयपुर में कीमत दो लाख रुपए प्रति किलोग्राम तक पहुंचने के आसार हैं। क्या होता है डब्बा कारोबार: वायदा कारोबार प्लेटफॉर्म एमसीएक्स और एनसीडीईएक्स के समानांतर चलने वाला यह अवैध ट्रेडिंग सिस्टम है। इसमें बिना केवाईसी और बहुत कम मार्जिन मनी देकर एक फोन कॉल पर सोना-चांदी के वायदा सौदे किए जा सकते हैं। भास्कर से बोले डब्बा ट्रेडर्स- चांदी को 2 लाख तक लेकर जाएंगे, कब कम करनी है हम तय करेंगे रिपोर्टर- अभी किस रेट में काम कर रहे हो? रोहित- कितने में करना चाह रहे हो, 50 हजार तक में अच्छा काम कर सकते हैं। रिपोर्टर- अभी कितने मार्जिन में शॉर्ट कर रहे हो? रोहित- 20 हजार तक में एक किलो कर देते हैं। बड़ा काम हो तो। रिपोर्टर- 20 हजार दे देते हैं, तीन किलो तक कर दो शॉर्ट। रोहित- यह तो कम है, 25 तो दो कम से कम। रिपोर्टर- कितना ऊपर लेकर जाओगे, अभी तो बहुत ऊपर आ चुकी। रोहित- दो लाख तो जाएगी, बाकी आपकी रिस्क है। रिपोर्टर- तो क्या शॉर्ट करने की वजह से सिल्वर ऊपर जा रही है? रोहित- हां, यह तो है। बहुत ही ज्यादा शॉर्ट है। रिपोर्टर- हम कैसे काम करेंगे? रोहित- मैं आईडी बना देता हूं। आप पैसे दे जाओ फिर उसी आईडी में काम कर लेना। मैं सिखा देता हूं कि किस तरह से काम करना है। (रोहित किसी को फोन कर 25 हजार की आईडी बनवाता है और बताता है कि किस तरह से सिल्वर शॉर्ट करनी है। पूरे मामले को भास्कर रिपोर्टर सीखता है और दो किलो शॉर्ट भी कर देता है।) रिपोर्टर- मैं सिल्वर में काम करना चाहता हूं, बेचनी है। जितेन्द्र- कोई दिक्कत नहीं है, कितनी बेचनी है? रिपोर्टर- कितना मार्जिन? जितेन्द्र- किलो के 15 हजार। आप कितने में करना चाहते हो। रिपोर्टर- अभी तो 4-5 किलो ही बेचनी है, रेट तो सही लगाओ। जितेन्द्र- 10 हजार से कम नहीं लगेंगे। कितनी शॉर्ट करनी है। रिपोर्टर- दो किलो ही कर दो अभी तो। अच्छा, ये बताओ कि शॉर्ट होने की वजह से ही ऊपर जा रही है क्या? जितेन्द्र- हां। सिल्वर अभी दो लाख तक जा सकती है। दुबई से दुनियाभर में ऐसे ही सौदे हो रहे हैं। रिपोर्टर- अभी कितनी ऊपर जा सकती है? नुकसान न हो जाए। जितेन्द्र- ये तो रिस्क है, नीचे भी आ सकती है। डिमांड तो है नहीं। रिपोर्टर- पैसा कैसे देना है और प्रॉफिट कैसे लेंगे? जितेन्द्र- हर सात दिन में हिसाब करेंगे। शनिवार को जो अकाउंट बोलेगा, उसके हिसाब से ले लेंगे और दे देंगे। रिपोर्टर- पैन कार्ड या आधार कार्ड तो नहीं देना होगा ना? जितेन्द्र- नहीं-नहीं। मैं अकाउंट बना दूंगा, जिसमें सब काम करते हैं। रिपोर्टर- हम पांच किलो से सिल्वर का काम शुरू करना चाहते हैं, क्या रहेगा, कितने रुपए लगेंगे? रवि- आप तो बता दो। कितनी भी शॉर्ट कर सकते हैं, अपनी बता दो। रिपोर्टर- ठीक है। अभी पांच किलो कर देना। लेकिन पैसे सही से लगाओ। रवि- दस हजार एक किलो के लगेंगे। इससे कम नहीं लग सकते। रिपोर्टर- कितनी शॉर्ट हो रही होगी आप लोगों के पास? रवि- बहुत ही शॉर्ट है अभी तो। दो लाख से ऊपर तो जाएगी। उससे भी ऊपर जा सकती है, जिस हिसाब से शॉर्ट है। रिपोर्टर- हमें प्रॉफिट हुआ तो कैसे पैसा मिलेगा या देना होगा? रवि- कैश में ही दे दो। यदि सिल्वर बढ़ गई तो तुरंत ही मार्जिन का पैसा डालना होगा, नहीं तो माल कट जाएगा। (यानी कि जो पैसे दिए और नुकसान हुआ, वह पैसा डूब जाएगा।) रिपोर्टर- बड़ा काम करना हो तो कैश दे दें क्या, कितने रुपए का कर लोगे कैश में काम? रवि- कितने का भी कर लेंगे। आप तो बता देना। (तीनों से बातचीत की वीडियो रिकॉर्डिंग भास्कर के पास है।) दिल्ली; क्लोज फ्रेंड्स ट्रेडर्स, बेंगलुरु की कैपिटल बाजार डॉट लाइव फर्म और मुंबई की मनीमिंट-8 फर्म का डब्बा बाजार हवाला से चल रहा 9555555923 पर कॉल किया… दिल्ली के ट्रेडर ने नाम, फोन नंबर और शहर का नाम मांगा। भेजते ही लिंक आया। फार्म भरने को कहा। कैश देने के लिए दिल्ली और जयपुर में ही आंगड़िया (दलाल) के नंबर भेज दिए। 8291095413 और +1(231)307-4373 पर बात हुई बेंगलुरु के ट्रेडर ने डब्बा ट्रेडिंग के लिए लॉगइन आईडी देने और इसे पूरा भरने पर प्रोसेस बताने की बात कही। फिर लिंक भेजा। कैश हवाला के जरिए लेने को कहा गया। 9824277069 पर 50 हजार/किलो में शॉर्ट करवा रहे मुंबई के ट्रेडर से डब्बा ट्रेडिंग में सिल्वर बेचने के लिए कहा तो कम से कम 50 हजार रुपए रेट बताई। सौदा होने पर जयपुर में आंगड़िया को कैश देने को कहा। आंगड़िया का नंबर भी दिया।