जालोर में बुधवार को रोडवेज और निजी बस की भिड़ंत हो गई। भीषण हादसे में ड्राइवर समेत 7 सवारियां घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। रामसीन थाना क्षेत्र के एएसआई अमरसिंह ने बताया कि सिरोही डिपो की बस भीनमाल से रवाना होकर रामसीन होते हुए सिरोही जा रही थी। इसी दौरान सुमेरपुर से रवाना होकर एक निजी बस भीनमाल जा रही थी। रामसीन थाना क्षेत्र के मुडतरा के पास करीब 11 बजे दोनों बसों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में निजी बस के ड्राइवर बहादुर सिंह समेत 7 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस की सहायता से घायलों को रामसीन और भीनमाल के अस्पताल पहुंचाया, जहां से सभी घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। हालांकि निजी बस के ड्राइवर बहादुर सिंह का रामसीन अस्पताल में इलाज जारी हैं। पुलिस के अनुसार- दोनों बसों में करीब 40 से अधिक सवारियां मौजूद थी। पुलिस ने मौका रिपोर्ट बनाकर घटना की जांच शुरू की। हालांकि अभी तक किसी सवारी की ओर से कोई रिपोर्ट नहीं दी गई हैं। देखिए… हादसे की PHOTOS
