कोटा में एक तरफ जहां रेलवे कॉलोनी थाना पुलिस ने नाबालिग बच्चे को बेचने के प्रयास में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर मासूम की जिंदगी बचाई है, वहीं दूसरी तरफ अमेरिका के कैलिफोर्निया से आए डॉक्टर दंपति ने कोटा की 14 महीने की बच्ची को गोद लेकर मानवता की मिसाल पेश की है। कोटा रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र में शर्मनाक वारदात की, जहां मासूम बच्चे को अवैध रूप से बेचने की कोशिश की गई।कोटा सिटी एसपी तैजस्वनी गौतम ने बताया कि थाना रेल्वे कॉलोनी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी हेमलता, प्रमोद और राहुल अग्रवाल ने मिली भगत कर एक 4 वर्षीय बच्चे को 1 लाख 25 हजार रुपये में बेचने की कोशिश की थी। आरोपियों ने बच्चे के पिता को झूठा मृत घोषित कर, फर्जी गोदनामा तैयार किया था। पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी और मुखबिर की सुचना के आधार पर सभी की गतिविधियों की निगरानी की और सबूतों के साथ मामले का पर्दाफाश किया। मुख्य आरोपी राहुल अग्रवाल, जो पुलिस से लगातार छिप रहा था, को 8 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया और 9 दिसंबर को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। कैलिफोर्निया दंपति ने 14 महीने की बच्ची को लिया गोद कैलिफोर्निया में रहने वाले अग्रवाल डॉक्टर दंपति ने कोटा की 14 माह की बच्ची को कानूनी प्रक्रिया के तहत गोद लिया। दंपति ने बताया कि उनकी जड़ें भारत से जुड़ी हैं, और वे हमेशा भारत से ही बेटी को गोद लेना चाहते थे। यह गोद लेने की प्रक्रिया दो साल से अधिक समय में पूरी हुई। जिला कलक्टर पीयूष समारिया ने दंपति को शुभकामनाएं दीं और बच्ची के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर सामाजिक न्याय विभाग की संयुक्त निदेशक सविता कृष्णिया, नारी निकेतन की अधीक्षक अंशुल मेंदीरत्ता और बाल संरक्षण इकाई के अधिकारी मौजूद रहे।
