राजधानी जयपुर में लेपर्ड का मूवमेंट लगातार बढ़ता जा रहा है। सिविल लाइंस, विद्याधर नगर, गोपालपुरा और शास्त्री नगर, आमेर और जगतपुरा के बाद अब लेपर्ड बजाज नगर क्षेत्र में पहुंच गया है। AG कॉलोनी में लेपर्ड के मूवमेंट से लोगों में दहशत बढ़ गई है। क्षेत्र से लेपर्ड का एक ताजा CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें लेपर्ड बेखौफ घूमता हुआ नजर आ रहा है। यह CCTV शनिवार शाम 5:56 बजे का है। लोगों ने रविवार को CCTV देखा तो वन विभाग को सूचना दी। इस पर टीम ने AG कॉलोनी में लेपर्ड को सर्च किया। वहीं स्थानीय लोगों ने रविवार को लेपर्ड को खुले में घूमते हुए खुद भी देखा। लोगों के अनुसार लेपर्ड पहले अनीता कॉलोनी में दिखा। फिर सरस्वती मार्ग की ओर बढ़ा। इसके बाद AG कॉलोनी की तरफ जाता दिखाई दिया। लेपर्ड के लगातार बढ़ते मूवमेंट से इलाके में चिंता का माहौल है। पहले देखें PHOTOS वन विभाग की टीम कर रही सर्च
चीफ वाइल्डलाइफ वॉर्डन के. सी. अरुण प्रसाद द्वारा गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम और रेंजर जितेंद्र सिंह शेखावत की टीम मौके पर लगातार निगरानी कर रही है। टीम आधुनिक तकनीक, ट्रैकर्स और स्थानीय इनपुट की मदद से लेपर्ड के मूवमेंट को ट्रैक कर रही है। उधर, क्षेत्रवासियों ने भी सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि वे सुबह-शाम सड़क पर अकेले टहलने से बचें, बच्चों को बाहर खेलने न भेजें और पालतू जानवरों को घर में ही रखें। वन विभाग ने भी लोगों से किसी भी मूवमेंट की जानकारी तुरंत कंट्रोल रूम को देने को कहा है। भोजन-पानी की तलाश में लेपर्ड आ रहा आवासीय क्षेत्रों में
स्थानीय लोग बता रहे हैं कि यह पूरा जोन झालाना लेपर्ड सफारी की परिधि से जुड़ा हुआ है। जहां से भोजन और पानी की तलाश में लेपर्ड आवासीय क्षेत्रों में प्रवेश कर जाते हैं। पिछले कुछ दिनों में शहर के कई हिस्सों में लेपर्ड की मूवमेंट की घटनाएं बढ़ने से वन विभाग भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। यह खबर भी पढ़ें… रिहायशी इलाके में लेपर्ड पहुंचने के बाद वन विभाग अलर्ट:जयपुर में रात्रि पेट्रोलिंग, रेडियो कॉलरिंग और निगरानी बढ़ाई जाएगी राजधानी जयपुर की रिहायशी कॉलोनियों में लेपर्ड की एंट्री से इलाके में दहशत है। लेपर्ड की बढ़ती गतिविधियों को लेकर वन विभाग ने सुरक्षा और निगरानी को और मजबूत किया है। वन राज्य मंत्री संजय शर्मा के निर्देश पर उपवन संरक्षक विजय पाल सिंह की टीम 24 घंटे मॉनिटरिंग में जुटी है। (पूरी खबर पढ़ें)
