भास्कर संवाददाता | चूरू पिछले दिनों ग्रामीण स्वास्थ्य समिति की बैठक में कलेक्टर अभिषेक सुराणा के संस्थागत प्रसव के मामले में सीएचसी की कमजोर स्थिति पर नाराजगी जताने के बाद विभाग अलर्ट मोड़ पर है। सीएमएचओ डॉ. मनोज शर्मा शुक्रवार रात करीब 10.30 बजे जिले के सीमावर्ती साहवा सीएचसी में पहुंच गए। उन्होंने साहवा में सफाई, मुख्यमंत्री निशुल्क दवा, जांच योजना व टीकाकरण की जानकारी ली। सीएमएचओ ने निर्धारित ड्रेस कोड में रहने के निर्देश दिए। टीकाकरण के विशेष अभियान के दौरान सभी बच्चों का करने तथा टीकाकरण से वंचित बच्चों की ड्यू लिस्ट तैयार करते हुए बच्चों को समय पर टीके लगवाने कहा। रात करीब 11.30 बजे तारानगर के उप जिला अस्पताल पहुंचे, जहां साहवा में संस्थागत प्रसव होने के बाद प्रसूता की एंट्री नहीं करने पर नाराजगी जताते हुए स्टाफ से कारण पूछा। संस्थागत प्रसव बढ़ाने व गर्भवती महिलाओं की 12 सप्ताह में प्रथम एएनसी जांच तथा गर्भकाल के दौरान चारों एएनसी जांच समय पर करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान पीएमओ डॉ. देवीलाल चिकित्साकर्मी मौजूद रहे।
