कोटा में 5 साल की बच्ची की करंट से मौत हो गई। अस्पताल में बेटी के शव से लिपटकर मां रोने लग गई। लोगों ने महिला को संभाला। मामला आरके पुरम के कल्पना चावला सर्किल के पास दोपहर 12 बजे का है। राकेश बागड़ी ने बताया कि बेटी साइना बागड़ी घर के बाहर खेल रही थी। काफी देर तक वह दिखाई नहीं दी तो उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान नाले के पास पहुंचा तो साइना अचेत पड़ी मिली। बच्ची को तुरंत कोटा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिकायत के बाद भी नहीं की कार्रवाई
बच्ची के पिता ने बताया कि वह खुद बिजली कंपनी में गार्ड है। वह कोटा में 5 साल से रह रहा है। कोटा के डूंगरज्या गांव के रहने वाले हैं। बिजली के पोल के पास लोहे का एंगल रखा हुआ था। इस दौरान बच्ची ने जैसे ही एंगल को छूआ तो करंट से अचेत होकर गिर पड़ी। उन्होंने बताया कि पहले भी कई बार इस क्षेत्र में करंट आने की शिकायत उन्होंने कंपनी और जिम्मेदारों को दी थी। पहले थोड़ी मरम्मत की गई थी, लेकिन बाद में किसी ने ध्यान नहीं दिया। जिसकी लापरवाही ने आज उनकी छोटी बच्ची की जान ले ली। कंपनी का दावा- नहीं थी बिजली सप्लाई
कोटा के केईडीएल कंपनी के हेड टेक्निकल अनोमित्रो ढाली ने बताया कि यह मामला विवेकानंद नगर में नए बन रहे जीएसएस के बाहर का है। जहां पर बच्ची गिरी मिली, वहां पर कोई बिजली सप्लाई नहीं थी। बच्ची नाली में गिरी हुई मिली है। हो सकता है पानी में गिरने से उसकी मौत हुई हो। हालांकि, मौत के सही कारणों का पता तो पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा। बच्ची के हादसे से जुड़ी तस्वीर…
