अलवर में बाइक पर आए 2 युवकों ने कॉलेज में घुसकर लॉ स्टूडेंट के साथ छेड़छाड़ की। छात्रा ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। छात्रा शनिवार को आर्ट्स कॉलेज में LLB फर्स्ट ईयर की परीक्षा देने आई थी। छात्रा ने कॉलेज परिसर में चीख-चीखकर मदद मांगी, लेकिन वहां मौजूद टीचर्स और स्टूडेंट्स देखते रहे। किसी ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश नहीं की। इसके बाद दोनों आरोपी बाइक लेकर फरार हो गए। घटना के बाद कुछ छात्र नेता मौके पर पहुंचे और कॉलेज में हंगामा कर दिया। पहले देखिए पूरे घटनाक्रम से जुड़ी 4 तस्वीरें… सीसीटीवी फुटेज से हुई दोनों आरोपियों की पहचान
घटना की जानकारी मिलने पर पीड़िता के दादा भी कॉलेज पहुंच गए। छात्रा ने रोते हुए दादा को पूरा घटनाक्रम बताया। इसके बाद पीड़िता के दादा और छात्र नेता प्रिंसिपल के ऑफिस पहुंचे, जहां सीसीटीवी फुटेज चेक किए। दोनों आरोपियों की पहचान जिप्पीन यादव और आसिफ के रूप में हुई। आरोपी जिप्पीन यादव बैंक में रिकवरी एजेंट का काम करता है, जबकि दूसरा आरोपी आसिफ इसी कॉलेज के छात्र नेता इरफान खान का छोटा भाई है। दोनों आरोपी कॉलेज के बाहर के है। पीड़िता के दादा ने आरोपियों के खिलाफ शिवाजी पार्क थाने में शिकायत दी। दो बदमाशों ने छात्रा से छेड़छाड़ कर मारपीट की
पीड़ित छात्रा ने बताया- मैं अपनी सहेलियों के साथ बैठी थी, तभी दोनों युवक बाइक से आए और उन्हें घूरते हुए छेड़ने लगे। विरोध करने पर एक युवक पेड़ से डंडा तोड़ने लगा और दूसरे युवक ने उसके गाल पर थप्पड़ मार दिया। आरोपियों ने सीने पर भी लात मारी। इस दौरान चिल्लाने पर स्टूडेंट इकट्ठा तो हो गए, लेकिन किसी ने बीच-बचाव नहीं किया। दोनों आरोपी मुझे पीटकर फरार हो गए। छात्रा ने कहा- यह घटना लाइब्रेरी के पास हुई। चिल्लाने की आवाज सुनकर लाइब्रेरी के सर भी पहुंच गए, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आए। कॉलेज के अंदर इस तरह की घटना बेहद शर्मनाक
छात्रा के दादा ने बताया- हमारी बेटी की आज कॉलेज में एलएलबी फर्स्ट ईयर की परीक्षा थी। वह परीक्षा के समय से 1 घंटे पहले कॉलेज पहुंच गई थी और अपनी सहेलियों के साथ में बैठी थी। तभी 2 युवक कॉलेज में आए और उनसे छेड़छाड़ करने लगे। जब हमारी बेटी ने उनको टोका तो गाली-गलौज करने लगे और मारपीट कर दी। उन्होंने बताया- कॉलेज के अंदर इस तरह की घटना बेहद ही शर्मनाक है। न तो यहां पर कोई गार्ड है और न कोई पुलिस के इंतजाम। यहां पर कुछ सीसीटीवी कैमरे चालू है और कुछ बंद है। छात्रा ने दादा के साथ थाने आकर दर्ज कराया मामला
ASI समर दिन खान ने बताया- दोपहर को कॉलेज में छात्रा के साथ छेड़छाड़, गाली-गलौज और मारपीट हुई थी। इसके बाद छात्रा ने दादा के साथ थाने में आकर मुकदमा दर्ज कराया। छेड़छाड़ और गाली-गलौज कर मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।
