लक्कड़ बाजार इलाके में शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार इनोवा कार एक इलेक्ट्रॉनिक व मोबाइल दुकान से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दुकान के बाहर लगी लोहे की शटरिंग, शूटर और कांच का दरवाजा पूरी तरह टूट गया। हादसे की पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। दुकान के मालिक राजकुमार ने बताया कि उन्हें शनिवार सुबह हादसे की सूचना मिली। जब वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि दुकान का फ्रंट हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। अंदर रखी टेबलें और उन पर रखे मोबाइल फोन भी टूटकर बिखरे पड़े थे। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि इनोवा कार तेज रफ्तार में आती है और सीधे दुकान से टकरा जाती है। हादसे के तुरंत बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। दुकान के बाहर कार के कुछ पार्ट्स मिले हैं, जिनके आधार पर गाड़ी की पहचान इनोवा के रूप में हुई है। फिलहाल दुकान मालिक राजकुमार की शिकायत पर थाना कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी कार चालक की पहचान की जा सके।