राजस्थान सरकार 10 दिसंबर को पहला प्रवासी राजस्थानी दिवस समारोह आयोजित कर रही है। इससे पहले सरकार ने प्रवासी राजस्थान दिवस से पहले देश-विदेश में रहने वाले प्रवासी राजस्थानियों के लिए अलग विभाग बनाया है। कैबिनेट सचिवालय ने घरेलू और विदेशी राजस्थानी मामले विभाग (डिपार्टमेंट ऑफ डोमेस्टिक एंड ओवरसीज राजस्थानी अफेयर्स- DORA) के गठन की अधिसूचना जारी कर दी है। प्रवासियों से जुड़ी योजनाएं, प्रोजेक्ट्स और कार्यक्रमों के साथ प्रवासी राजस्थानियों से जुड़े मुद्दे और उनसे जुड़े कार्यक्रमों को यह विभाग हैंडल करेगा। 19 नवंबर को हुई कैबिनेट बैठक में मिली थी मंजूरी
कैबिनेट की 19 नवंबर को हुई बैठक में प्रवासी राजस्थानियों के लिए अलग से विभाग बनाने की मंजूरी दी गई थी। इसके बाद अब नोटिफिकेशन जारी हुआ है। पिछले साल प्रवासी राजस्थानी कॉन्क्लेव के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रवासी राजस्थानियों के लिए अलग से विभाग बनाने की घोषणा की थी। यह विभाग प्रदेश और देश के बाहर रहने वाले प्रवासी राजस्थानियों के लिए काम करेगा। यह विभाग प्रवासी राजस्थानियों और सरकार के बीच सहयोग के मंच के तौर पर भी काम करेगा। प्रवासी राजस्थानियों से जुड़े हर मुद्दे, प्रोजेक्टस अब नया विभाग देखेगा
यह विभाग प्रवासी राजस्थानियों से समन्वय से जुड़े मामले, प्रवासियों से जुड़ी योजनाएं, प्रोजेक्ट्स और कार्यक्रमों के साथ-साथ प्रवासी राजस्थानियों से जुड़े मुद्दे और उनसे जुड़े कार्यक्रमों को हैंडल करेगा। सरकारी योजनाओं के प्रचार- प्रसार, विकास से जुड़ी हुई गतिविधियों और प्रवासी राजस्थानियों से जुड़ी उपलब्धियों को भी हाईलाइट करेगा। राजस्थान फाउंडेशन और प्रवासी राजस्थानियों से जुड़े हुए मुद्दों पर समन्वय का काम करेगा। 10 दिसंबर को प्रवासी राजस्थानी दिवस से पहले नया विभाग
सरकार 10 दिसंबर को पहला प्रवासी राजस्थानी दिवस समारोह आयोजित कर रही है। इस समारोह में देश-विदेश से प्रवासी राजस्थानियों को बुलाया गया है। इस सम्मेलन से पहले सरकार ने प्रवासी राजस्थानियों के लिए अलग से विभाग बनाया है।
