जिला अभिभाषक संघ दौसा के 12 दिसंबर को होने वाले चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हुई। पहले दिन अध्यक्ष, महासचिव के लिए 2-2, उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव व पुस्तकालय अध्यक्ष के लिए 1-1 तथा कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए 3 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किए हैं। नामांकन की अंतिम तिथि 6 दिसंबर निर्धारित की गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कमलेश कुमार बोहरा तथा सहायक निर्वाचन अधिकारीगण जगजीवन राम बैरवा, मुरली मनोहर शर्मा, विजय कुमार शर्मा, श्रीराम मीणा एवं विश्राम गुर्जर द्वारा विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों ने नामांकन लिए। नामांकन प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन मंडल की बैठक भी हुई, जिसमें मतदान की तैयारियों को लेकर समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने बताया कि चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। चुनाव में इस बार 294 अधिवक्ता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं पिछले वर्ष 265 मतदाता थे। गत वर्ष के मुकाबले इस वर्ष 29 मतदाता बढ़े हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कमलेश बोहरा ने बताया कि नामांकन के पहले दिन अध्यक्ष पद के लिए द्वारिका प्रसाद मीणा व रूपनारायण मीणा ने आवेदन किए हैं। इसी प्रकार उपाध्यक्ष पद के लिए राजेंद्र प्रसाद गुर्जर, महासचिव के लिए सीताराम दायमा व रामेश्वर प्रसाद बैरवा, संयुक्त सचिव के लिए निर्मल वर्मा, पुस्तकालय अध्यक्ष के लिए रविशंकर शर्मा तथा कार्यकारिणी सदस्य के लिए ओमप्रकाश गुर्जर, राजेन्द्र जांगिड़ तथा निर्मल वर्मा ने आवेदन किया है। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर कोर्ट परिसर में गहमा गहमी का माहौल बना हुआ है। शुक्रवार को नामांकन के पहले दिन प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ नामांकन करने पहुंचे। वहीं कुछ प्रत्याशी शनिवार को नामांकन दाखिल करेंगे। इसे लेकर अपने चुनावी गणित बैठाने में जुटे हुए हैं। नामांकन की अंतिम तिथि 6 दिसंबर दोपहर 2:30 बजे तक, नामांकन जांच व प्रत्याशी सूची प्रकाशन शाम 5 बजे, नाम वापसी 8 दिसंबर दोपहर 2:30 बजे तक, अंतिम प्रत्याशी सूची प्रकाशन शाम 4 बजे, मतदान 12 दिसंबर सुबह 10:30 से दोपहर 3 बजे तक, मतगणना व परिणाम घोषणा 12 दिसंबर दोपहर 3:30 बजे से मतगणना पूर्ण होते ही परिणाम घोषित किए जाएंगे