लुधियाना| दरेसी थाना पुलिस ने नशे की खरीदने के लिए गाड़ियां चोरी करने वाले दो शातिरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नवनीत कल्याण और आकाश, निवासी वाल्मिकी मोहल्ला, नजदीक सुंदर नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक मोटरसाइकिल और चोरी की एक्टिवा बरामद की है। थाना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह के अनुसार पुलिस पार्टी ने सुंदर नगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक के पास नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान दोनों युवक मोटरसाइकिल पर आते दिखाई दिए। कागजात मांगने पर वे कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके, जिस पर शक हुआ और सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने चोरी की मोटरसाइकिल होने की बात स्वीकार कर ली। बाद में उनकी निशानदेही पर चोरी की एक्टिवा भी बरामद कर ली गई। पुलिस का कहना है कि नवनीत पेशेवर अपराधी है और उस पर पहले से वाहन चोरी समेत करीब चार केस दर्ज हैं। दोनों आरोपी चिट्टा के आदी हैं और नशा खरीदने के लिए चोरी की वारदात करते थे। दोनों की उम्र 30 से 32 वर्ष के बीच है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर दो दिन का रिमांड हासिल कर लिया है।
