लुधियाना| पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी (पी.ए.यू.) के पूर्व छात्र और मैक्सिको स्टेट यूनिवर्सिटी के पौधा एवं पर्यावरण विज्ञान विभाग के विशेषज्ञ डॉ. कुलभूषण ग्रोवर ने पीएयू के विभिन्न विभागों का दौरा करते हुए वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों से विचार-विमर्श किया। इस दौरान उन्होंने निदेशालय विस्तार शिक्षा, निदेशक अनुसंधान, संचार केंद्र तथा फसल विज्ञान विभाग का निरीक्षण किया और कृषि क्षेत्र की समस्याओं तथा सहयोग एवं साझेदारी के संभावित क्षेत्रों पर चर्चा की। अपर निदेशक संचार डॉ. तरसेम सिंह ढिल्लों ने उन्हें पीएयू के विस्तार ढांचे और संचार केंद्र की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से अपने शोध विशेषज्ञों द्वारा विकसित किस्मों और खेती तकनीकों को किसानों तक पहुंचाता है। इस दौरान उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए यूनिवर्सिटी द्वारा चलाई जा रहीं पहल का भी उल्लेख किया। फसल विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. हरी राम ने पीएयू की फसल विज्ञान संबंधी उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए खेत के भीतर और खेत के बाहर सामने आने वाली चुनौतियों की चर्चा की। मेहमान विशेषज्ञ डॉ. ग्रोवर ने शोध और विस्तार विशेषज्ञों के साथ हुई बैठक में अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने मैक्सिको की फसलों और कृषि परिस्थितियों के बारे में बताते हुए पंजाब से उनकी समानताओं और विभिन्नताओं का उल्लेख किया।
