जालोर जिले के आहोर थाना क्षेत्र के कानीवाड़ा में गुरुवार की शाम अपनी दुकान के आगे बाइक लेकर खड़े युवक से साइड को लेकर दो गुट में विवाद हो गया। इसके बाद कार सवार ने अपने साथियों को बुला लिया। व्यापारी के साथ उसके परिवार की 2 महिला समेत 5 लोगों के साथ मारपीट की। जिससे दो महिला गंभीर घायल होने पर पाली रेफर किया। जिसके बाद माहौल गरमा गया और करीब 2 घंटे तक कानीवाड़ा करफ्यू के जैसा माहौल रहा। साइड न देने पर हुआ विवाद आहोर थाने के एएसआई मूंगाराम ने बताया कि आहोर के ऊण गाव निवासी रमेश सिंह पुत्र जोधासिंह राजपुरोहित अपनी कार से जा रहे थे। इसी दौरान राहुल पुत्र कुकाराम अपनी बाइक को लेकर कार के आगे-आगे आया और दुकान के आगे रुका तो पीछे से कार लेकर आ रहे रमेश सिंह ने साइड नहीं देने कुछ बोल दिया। इसको लेकर दोनों में विवाद हो गया। जिसके बाद रमेश सिंह और राहुल गर्ग के बीच हाथापाई हो गई। रमेश सिंह के मुंह से खून आ गया।जिसके बाद रमेश ने अपने अन्य साथियों को बुला कर दुकान पर काम कर रहे राहुल गर्ग, उत्तम गर्ग पुत्र कुकाराम व उसके पिता कुकाराम गर्ग व दुकान पर पानी भरने के लिए आई कुकाराम की पत्नी सरिया देवी व बेटी संगीता के साथ मारपीट की। एएसआई मूंगाराम ने बताया कि मामला शांत हो गया। और घायलों को इलाज के लिए जालोर भेजा है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई रिपोर्ट नहीं दी गई हैं। पीड़ित की ओर से रिपोर्ट देने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। जाम लगा, पुलिस जाब्ता बुलाना पड़ा मारपीट में कानीवाड़ा निवासी कुकाराम की पत्नी सरिया देवी व उसकी बेटी संगीता गंभीर रूप से घायल हो गई। जिनको एम्बुलेंस की सहायता से जालोर के सामान्य चिकित्सालय पहुंचाया। जहां गंभीर स्थित में सरिया देवी व संगीता को पाली रेफर किया। जिसके बाद परिजन उचित इलाज के लिए पालनपुर लेकर गए। विवाद के बाद मामला इतना गरमाया कि दुकान के सामने भीड़ हो गई। सूचना पर आहोर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची मामला बिगड़ता देख कर जालोर जिला मुख्यालय से भारी पुलिस जाब्ता बुलाना पड़ा। सूचना पर आहोर डीएसपी दशरथ सिंह भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान करीब 2 घंटे तक कानीवाड़ा मंदिर पुलिस छावनी बना रहा हैं। हालांकि पुलिस ने मामला शांत कराया और अभी भी पुलिस के कई जवान मौके पर तैनात हैं। समझाइश के बाद भी नहीं माने घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया हैं। जिसमें कुछ युवक दुकान पर पहुंच कर दुकान में काम करने वाले व्यापारी को धमकी देर रहे और बाहर बुला रहे हैं। इस बाहर नहीं आने पर पुलिस के सामने बदमाश युवक व्यापारी की दुकान में तोड़फोड़ करने के साथ ही मारपीट कर रहे है। हालांकि इस दौरान व्यापारी की पत्नी व बेटी उनसे समझाइश भी कर रहे हैं। लेकिन युवक उनके साथ भी खींचतान करते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि, पुलिस बीच बचाव करने की कोशिश कर रही हैं। जिसके बाद भी बदमाश दुकान में घुस कर मारपीट कर रहे हैं। एक वीडियो में बदमाश पुलिस से भी खीचतान करते हुए नजर आ रहे हैं। इसको लेकर जालोर एसपी शैलेन्द्र सिंह इन्दौलिया ने कहां मामले में कुछ युवकों को पकड़ा है। जिनसे पूछताछ की जा रही है।