तरनतारन जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे गांव छीना बिधी चंद के खेतों में बीएसएफ और पुलिस ने ड्रोन के जरिए गिराया गया एक पैकेट बरामद किया है। पैकेट की जांच करने पर उसमें .30 बोर का चीन निर्मित पिस्टल और एक मैगजीन मिली। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना सराय अमानत खां के एसआइ गुरसेवक सिंह ने बताया कि बीएसएफ की 115वीं बटालियन के कमांडर खान सोई ने खेतों में ड्रोन से गिराया गया पीले रंग का पैकेट मिलने की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पैकेट की जांच की। उसमें से .30 बोर का एक पिस्टल बरामद हुआ, जिस पर ‘मेड इन चाइना’ और ‘एम-20’ अंकित था। पैकेट में एक मैगजीन भी मिली। बीएसएफ ने पुलिस को सौंपी पिस्टल बीएसएफ अधिकारियों ने बरामद पिस्टल, मैगजीन और अन्य सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए थाना सराय अमानत खां पुलिस के हवाले कर दिया। एसआइ गुरसेवक सिंह के अनुसार, पुलिस ने मुकदमा नंबर 149 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54 और 59 तथा बीवीए की धारा 25, 26 और 29 के तहत अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस हथियारों की तस्करी से जुड़े लोगों की पहचान करने के लिए जांच कर रही है।