पंजाब के सोशल सिक्योरिटी, महिला एवं बाल विकास विभाग की गाइडलाइंस के तहत चलाए जा रहे ‘मिशन आरंभ’ के अंतर्गत तरनतारन जिले में शानदार प्रदर्शन करने वाली 16 आंगनवाड़ी वर्करों को सम्मानित किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों के कामकाज में सुधार लाना और छोटे बच्चों की शुरुआती पढ़ाई (अर्ली चाइल्डहुड एजुकेशन) को बढ़ावा देना है। 8 ब्लॉकों से चुनी गईं 2-2 सर्वश्रेष्ठ वर्कर कार्यक्रम के दौरान जिला प्रोग्राम ऑफिसर (DPO) अनुप्रिया सिंह ने बेहतर सेवाएं देने वाली आंगनवाड़ी वर्करों को प्रशंसा पत्र (सर्टिफिकेट) देकर सम्मानित किया। जिले के सभी 8 ब्लॉकों में से प्रत्येक ब्लॉक से 2-2 वर्करों का चयन किया गया था, जिन्होंने आंगनवाड़ी सेंटरों के सुचारू संचालन और बच्चों की शुरुआती शिक्षा की नींव मजबूत करने में सराहनीय योगदान दिया है। ‘आंगनवाड़ी वर्कर बच्चों के विकास की नींव’ जिला प्रोग्राम ऑफिसर अनुप्रिया सिंह ने कहा कि ‘मिशन आरंभ’ का मुख्य लक्ष्य बच्चों का सर्वांगीण विकास करना और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शुरुआती शिक्षा प्रदान करना है। उन्होंने कहा, “आंगनवाड़ी वर्कर बच्चों के शुरुआती विकास की मुख्य नींव हैं। उत्कृष्ट कार्य के लिए मिलने वाले सम्मान से न केवल वर्करों का हौसला बढ़ता है, बल्कि अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा मिलती है।” इस मौके पर ‘मिशन आरंभ’ की पंजाब टीम के हेड नमन नाहर, प्रोग्राम मैनेजर जतिंदरजीत कौर और डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर धनवीर सिंह मनी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सम्मानित हुई वर्करों के कार्यों की सराहना की और उन्हें भविष्य में भी इसी लगन व निष्ठा के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया।
