मोगा जिले के कस्बा बधनीकलां के पास से गुज़रती नहर में रविवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पानी में शव तैरता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद थाना बधनीकलां की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों व स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। थाना बधनीकलां के सहायक थानेदार (ASI) वरिंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि नहर में एक व्यक्ति का शव फंसा हुआ है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शव को बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि पानी में लंबे समय तक रहने के कारण शव की हालत काफी खराब हो चुकी है, जिसके कारण फिलहाल मृतक की उम्र और पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पहचान के लिए 72 घंटे रखा जाएगा मोर्चरी में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त (पहचान) के लिए सिविल अस्पताल मोगा के शवगृह (मोर्चरी) में 72 घंटे के लिए रखवा दिया है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आसपास के कस्बों और पड़ोसी थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है ताकि मृतक की पहचान कराई जा सके यदि 72 घंटे की समय-सीमा के भीतर शव की पहचान नहीं होती है, तो नियमानुसार प्रशासन व समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग से अंतिम संस्कार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगा मौत का कारण फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है कि व्यक्ति नहर में कैसे गिरा या यह हादसा है या फिर इसके पीछे कोई साजिश है। पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारणों और समय का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।