अबोहर में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता दीप कंबोज शिरोमणि अकाली दल में शामिल हो गए हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में दीप कंबोज मौजूदा विधायक संदीप कुमार जाखड़ के निकटतम प्रतिद्वंद्वी रहे थे। पार्टी अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल ने उन्हें अकाली दल का सिरोपा भेंट कर पार्टी में शामिल किया। अबोहर के हलका इंचार्ज हरविंदर सिंह हैरी के निवास पर दीप कंबोज का स्वागत किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अकाली नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। हैरी संधू ने दीप कंबोज का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि इस संबंध में कई बार विचार-विमर्श हुआ था। AAP पर अनदेखी करने का आरोप लगाया हैरी संधू ने आम आदमी पार्टी पर अपने योग्य नेताओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि 2022 के चुनावों में दीप कंबोज ने 44,453 वोट हासिल किए थे और विजेता उम्मीदवार के निकटतम प्रतिद्वंद्वी रहे थे, लेकिन उनकी पार्टी ने उन्हें कोई मान-सम्मान नहीं दिया। हैरी संधू ने सरदार सुखबीर सिंह बादल का धन्यवाद किया कि उन्होंने अबोहर अकाली दल परिवार में एक और युवा नेता को शामिल कर उनका सम्मान बढ़ाया है। इस मौके पर हरविंदर सिंह हैरी सहित सभी नेताओं ने दीप कंबोज को पार्टी का सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। दीप कंबोज ने सरदार सुखबीर सिंह बादल, हलका इंचार्ज हरविंदर सिंह हैरी, हरचरण सिंह पप्पू और वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह टिक्का का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल के कुर्बानी भरे इतिहास को देखकर ही उन्होंने इस पार्टी में शामिल होने का फैसला लिया है। कंबोज के अनुसार, अकाली दल ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत की रक्षा कर सकती है।
