फलोदी में नशे के खिलाफ मिशन प्रण अभियान की शुरुआत हो गई है। जिला कलेक्टर श्वेता चौहान और फलोदी विधायक पब्बाराम बिश्नोई ने कलेक्ट्रेट परिसर से इस अभियान का शुरूआत की। कार्यक्रम में कलेक्ट्रेट के अधिकारियों और कर्मचारियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। साथ ही उन्हें दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया। समाज कल्याण अधिकारी करणी सिंह नाथावत ने बताया- इस अभियान के लिए दो जागरूकता वैन तैयार की गई हैं। एक वैन शहरी इलाकों में जाएगी। दूसरी वैन ग्रामीण इलाकों में जाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताएगी। विधायक पब्बाराम बिश्नोई ने कहा कि नशे के खिलाफ ये अभियान आम लोगों का युद्ध है। इसमें समाज की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को अवैध मादक पदार्थों की जानकारी मिले तो हेल्पलाइन नंबर 1933 पर सूचना दें। उन्होंने कहा कि नशे का असर सिर्फ एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ियों पर पड़ता है। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बृजराज सिंह चारण, एसीईओ गौतम चौधरी, उपखंड अधिकारी पूजा चौधरी और अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।