अमेरिका में राजस्थानियों का गौरवशाली संगठन राजस्थान एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (RANA) 9 नवम्बर, रविवार को अपना 26वां दीपावली गाला भव्य रूप से आयोजित करने जा रहा है। यह आयोजन न्यूयॉर्क के क्रेस्ट हॉलो कंट्री क्लब, वुडबरी (NY) में शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक होगा। दीपावली गाला राजस्थान की संस्कृति और परंपराओं को संजोए हुए होगा, जिसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पुरस्कार वितरण समारोह, कॉकटेल्स, डीजे, नृत्य और भव्य रात्रिभोज शामिल रहेंगे। सम्मानित होंगे विशिष्ट व्यक्तित्व इस वर्ष राना की ओर से समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कई प्रमुख व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा। डॉ. नरेंद्र कुकड़ को लाइफटाइम अचीवमेंट राजस्थान रत्न अवॉर्ड, डॉ. भरत गुप्ता को एक्सीलेंस इन मेडिसिन अवार्ड, निधि लड्डा को आउटस्टैंडिंग यंग अचीवर अवार्ड एवं फ्यूचर ऑफ राजस्थान सम्मान दिया जाएगा। राना अध्यक्ष प्रेम भंडारी और दीप महोत्सव 2025 के चेयरमैन डॉ. राज बंसल के नेतृत्व में यह आयोजन प्रवासी राजस्थानियों के बीच एकता, संस्कृति और गौरव का उत्सव बनेगा। राना सचिव रवि जारगढ़ ने बताया कि 2025 को राजस्थान इंटरनेशनल टूरिज्म ईयर के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर बच्चों के लिए एक निबंध प्रतियोगिता भी रखी गई है, जिसमें अमेरिका में रहने वाले बच्चे राजस्थान के किसी भी पर्यटन स्थल पर 300 शब्दों तक का लेख लिखकर भाग ले सकते हैं। विजेताओं को कुल 3 लाख रुपए के पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा, हर वर्ष की तरह इस बार भी दीप महोत्सव पर एक स्मारिका प्रकाशित होगी। खास बात यह है कि इसके मुखपृष्ठ पर जयपुर कमिश्नरेट पुलिस का लोगो और शुभ संदेश शामिल किया जाएगा। यह गौरव की बात है कि अहमदाबाद के बाद जयपुर को देश का दूसरा सबसे सुरक्षित शहर घोषित किया गया है। राना के उपाध्यक्ष डॉ. शरद कोठारी और कोषाध्यक्ष नीलम मोदी ने बताया कि इस वर्ष प्रवासी राजस्थानियों में दीप महोत्सव को लेकर विशेष उत्साह है। उल्लेखनीय है कि 6 अगस्त को न्यूयॉर्क मेयर ने राना डे घोषित किया था। यह न्यूयॉर्क सिटी की 9वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होने के संदर्भ में बड़ी उपलब्धि है।
