हनुमानगढ़ के टिब्बी क्षेत्र में एक ट्यूबवैल से चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 6 सितंबर 2025 को शाम 5:30 बजे शिकायतकर्ता अपने खेत चक 7 जीजीआर में स्थित ट्यूबवैल के कमरे को ताला लगाकर घर चला गया था। 10 सितंबर को जब वह वापस खेत पहुंचा, तो कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। कमरे से ट्यूबवैल का स्टार्टर, स्टार्टर बॉक्स और 100 फुट केबल सहित अन्य सामान गायब था। इस मामले में पुलिस थाना टिब्बी में मुकदमा नंबर 391/2025 दर्ज किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जनेश तंवर और वृत्ताधिकारी करणसिंह के निर्देशन में थानाधिकारी हंसराज लुणा के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गईं। जांच अधिकारी देवीलाल ने तकनीकी और मानवीय जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी गजेन्द्र कुमार (29) को टिब्बी से गिरफ्तार किया। आरोपी से चोरी की केबल बरामद कर ली गई है। अन्य सामान की बरामदगी के लिए पूछताछ जारी है। पुलिस टीम में देवीलाल, राजेश कुमार और बृजलाल शामिल थे। आरोपी गजेन्द्र कुमार टिब्बी के वार्ड नंबर 20 का रहने वाला है।
