नीमराना नगर पालिका क्षेत्र के दौलतसिंहपुरा गांव की ढाणी नया कुआं में रविवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। यहां अचानक हाई टेंशन लाइन का तार टूटकर जमीन पर गिर गया। गनीमत रही कि घटना के समय उस स्थान पर कोई ग्रामीण या पशु मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई। तार ग्रामीणों के मकान के बाहर गिरा, जिससे उनमें भय और रोष फैल गया। घटना के बाद ग्रामीण वेदप्रकाश सैनी के नेतृत्व में विद्युत विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया गया। ग्रामीण बोले-आबादी क्षेत्र से गुजर रही लाइन
ग्रामीणों का कहना है कि यह हाई टेंशन लाइन लंबे समय से आबादी क्षेत्र के बीच से गुजर रही है। इसकी शिफ्टिंग को लेकर प्रशासन और बिजली विभाग को कई बार ज्ञापन दिए गए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। एडवोकेट वेदप्रकाश सैनी ने बताया कि इस मुद्दे को हाल ही में नीमराना पंचायत समिति की साधारण सभा में भी उठाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग की लापरवाही के कारण समस्या बनी हुई है और क्षतिग्रस्त लाइन को गंभीरता से नहीं लिया गया, जिसका परिणाम तार टूटने के रूप में सामने आया। सूचना मिलने पर विद्युत विभाग के लाइनमैन मौके पर पहुंचे और तुरंत लाइन कटवाकर बिजली आपूर्ति बंद कराई। हालांकि, ग्रामीणों ने साफ कर दिया कि जब तक हाई टेंशन लाइन को आबादी क्षेत्र से शिफ्ट नहीं किया जाता, तब तक क्षतिग्रस्त तार को जोड़ने नहीं दिया जाएगा। ये रहे मौजूद
ग्रामीणों ने भविष्य में किसी भी गंभीर दुर्घटना से बचाव के लिए विभाग से तत्काल कार्रवाई करते हुए हाई टेंशन लाइन को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान एडवोकेट वेद प्रकाश सैनी, रमेश चंद, हंसराज, समुंदर सिंह, धर्मेंद्र सिंह, सुरेंद्र, विक्रम, मनोज, विजय सिंह, विमला देवी, कमला देवी, संगीता, शर्मिला, सुमन देवी, सरिता, शशि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।