अलवर में टेल्को चौराहे के पास राधा ज्वेलर्स पर करीब 40 लाख रुपए की लूट के विरोध में रविवार को शहर के व्यापारी एकजुट हुए। व्यापारियों ने कहा- 24 नवंबर को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक सभी सर्राफा और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। व्यापारी सुबह 10 बजे भवानी तोप पर एकत्र होंगे। जहां से मिनी सचिवालय तक पैदल मार्च निकालकर जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा जाएगा। व्यापारियों ने कहा कि अलवर में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है। 40 लाख रुपए के गहने और नकदी ले गए थे आरोपी
अलवर में टेल्को चौराहे के पास राधा ज्वेलर्स पर शनिवार को हुई इस घटना में तीन बदमाश हथियारों के साथ दुकान में घुसे और करीब 40 लाख के सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए थे। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद है। पुलिस ने आसपास के कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ बदमाशों के संभावित रूट पर भी निगरानी बढ़ाई है, लेकिन अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिली है। व्यापारी बोले- शहर में नाकाबंदी नाम की व्यवस्था नहीं
अग्रवाल धर्मशाला में शहर के सर्राफा व्यापार संघ, स्वर्णकार समाज, संयुक्त व्यापार महासंघ सहित कई व्यापारिक संगठनों की बैठक हुई। व्यापारियों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और माल बरामदगी की मांग की। व्यापारियों ने कहा- शहर में दिनदहाड़े व्यापारी और दुकानें निशाने पर हैं, जबकि पुलिस सिर्फ हेलमेट और बेल्ट चेक करने में लगी रहती है। शहर में नाकाबंदी नाम की कोई व्यवस्था नहीं है। बदमाश खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस कार्रवाई के नाम पर केवल औपचारिकताएं कर रही हैं। 6 टीमें लगी हुईं, सुराग नहीं मिला
संयुक्त व्यापार महासंघ के अध्यक्ष हरमीत सिंह मेहंदीरता ने कहा- यह कोई साधारण चोरी नहीं, बल्कि बड़ी लूट है। पुलिस की 6 टीमें लगी हैं, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला। ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक गर्ग ने कहा- शहर में व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। लगातार वारदातें बढ़ रही हैं और पुलिस का रवैया ढीला बना हुआ है।
