जगराओं के कोठे खंजुरा गांव में युवक पर किरच और चाकुओं से जानलेवा हमला किया गया, उसकी गर्दन और आंखों पर गहरे चोट के निशान हैं। उसका इलाज PGI चंडीगढ़ में चल रहा है, जहां उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने घटना के 4 दिन बाद रविवार को 2 लोगों पर केस दर्ज किया है। जिससे अब परिवार और ग्रामीणों ने पुलिस की जांच और दर्ज एफआईआर पर गंभीर सवाल उठाए हैं, खासकर मोबाइल लूट के मामले को लेकर, जिसका एफआईआर में कोई जिक्र नहीं है और न ही लूट की धाराएं लगाई गई हैं। जिसको लेकर ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला मोबाइल लेकर गए थे, पर लूट नहीं थी- जांच अधिकारी जब केस के जांच अधिकारी ASI करमजीत सिंह से इस बारे में बातचीत की गई तो उन्होंने कहा मोबाइल लेकर जरूर गए थे, पर लूटने वाली कोई बात नहीं थी। सारा दिन आरोपी इकट्ठे ही रहते थे, मारपीट के बाद मोबाइल अपने साथ ले गए। पुलिस ने जगसीर सिंह उर्फ सीरा व जश्नप्रीत सिंह उर्फ जश्ना निवासी कोठे खजूरा पर केस दर्ज किया है। इलाज के लिए ग्रामीणों ने जोड़े पैसे राजवीर गरीब परिवार से संबंध रखता है। उसके इलाज के लिए गांव वालों ने आपसी सहयोग से पैसे इकट्ठे किए। ग्रामीणों ने कहा कि यदि वे मदद न करते तो गंभीर रूप से घायल राजवीर का इलाज संभव ही नहीं था। गांव में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो वे मजबूरन उग्र कदम उठा सकते हैं।
