बांसवाड़ा जिले के कलिंजरा थाना क्षेत्र से चार स्कूली दोस्त 15 नवंबर को स्कूल जाने के बाद से लापता हो गए हैं। पुलिस ने चारों को ढूंढने के लिए एक टीम उदयपुर के लिए रवाना की है। ​लापता छात्रों में काथलिया निवासी 16 वर्षीय कल्पेश, 15 वर्षीय विपुल और 14 वर्षीय अरमान शामिल हैं। इनके साथ ही सेवना निवासी 15 वर्षीय आशीष भी गुमशुदा है, जो मामा के घर काथलिया रहकर पढ़ाई कर रहा था। चारों दोस्त 15 नवंबर को स्कूल गए थे, इसके बाद वे घर नहीं लौटे। ​15 नवंबर से लापता हुए चारों दोस्त कलिंजरा थाना सीआई विक्रमसिंह के अनुसार- कल्पेश के भाई ने 15 नवंबर को भी रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पुलिस की जांच में पता चला है कि चारों छात्र अपने गांव से बांसवाड़ा गए और फिर बस में बैठकर उदयपुर के लिए रवाना हुए हैं। सीआई ने बताया- पुलिस की एक टीम सभी एंगल से इनकी तलाश कर रही है और उन्हें ढूंढने के लिए उदयपुर भी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि चारों एक ही स्कूल में पढ़ते हैं और आपस में दोस्त हैं। पुलिस ने बताया कि कल्पेश 11वीं कक्षा में है। जबकि बाकी तीन विपुल, अरमान और आशीष 10वीं कक्षा में अध्ययनरत हैं। कुछ इनपुट मिले है, उन्हें जल्द ही ढूंढ लिया जाएगा।