हिसार के हांसी में साइबर क्राइम पुलिस ने टेलीग्राम टास्क फ्रॉड मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन पर 8 लाख 50 हजार रुपए की धोखाधड़ी का आरोप है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हनुमानगढ़, राजस्थान निवासी सुनील और देव के रूप में हुई है। थाना साइबर क्राइम हांसी के एएसआई प्रेम ने बताया कि यह मामला वर्ष 2024 का है। गांव बुडाना निवासी इन्द्रावती पत्नी रमेशचंद्र को आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर टेलीग्राम ग्रुप पर टास्क पूरे करने का झांसा दिया था, जिसके बाद उनसे 8.50 लाख रुपए ठगे गए। इस मामले में पहले ही दो आरोपी गिरफ्तार होकर जेल भेजे जा चुके हैं। ताजा कार्रवाई के तहत, पुलिस ने सुनील और देव को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अंजान लिंक, टेलीग्राम/वॉट्सऐप ग्रुप या ऑनलाइन टास्क ऑफर पर भरोसा न करें। ऐसे संदिग्ध ग्रुपों से मैसेज आने पर उन्हें तुरंत ब्लॉक करें। अपनी निजी जानकारी, बैंक डिटेल्स, ओटीपी या आधार संबंधी जानकारी किसी अजनबी से कभी साझा न करें।