जयपुर में अजमेर रोड स्थित जेके लक्ष्मीपत यूनिवर्सिटी (जेकेएलयू) का 13वां दीक्षांत समारोह और फाउंडर्स डे सेरेमनी 23 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम यूनिवर्सिटी कैंपस में होगा। इस भव्य आयोजन के दौरान, डिजाइन, मैनेजमेंट और इंजीनियरिंग के छात्रों को डिग्रियां और गोल्ड मेडल प्रदान किए जाएंगे। समारोह में देशभर से 1000 से अधिक लोग शामिल होंगे, जिनमें विभिन्न क्षेत्रों की नामचीन हस्तियां, छात्र, अभिभावक और फैकल्टी सदस्य शामिल होंगे। इसी अवसर पर शाम को यूनिवर्सिटी के छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके साथ ही एलुमिनी मीट (पूर्व छात्र मिलन) का भी आयोजन किया जाएगा। यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार एवं सीएफओ केके माहेश्वरी ने बताया कि कार्यक्रम में समूह के बोर्ड सदस्य और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे। ये सभी छात्रों का उत्साहवर्धन करेंगे और उन्हें प्रगति के पथ पर आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन देंगे। उन्होंने यह भी बताया कि समारोह में यूनिवर्सिटी की वर्षभर की उपलब्धियों, छात्रों से संबंधित विभिन्न डेटा और आगामी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो. विजयशेखर चेल्लबोइना ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। टाटा संस के पूर्व निदेशक आर. गोपालाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में छात्रों को संबोधित करेंगे और मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
