जयपुर, 20 नवंबर। राज्य सरकार की बजट घोषणा वर्ष 2025-26 के तहत ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम) – 2026 का आयोजन मार्च 2026 में जेईसीसी, सीतापुरा, जयपुर में किया जाएगा। इस आयोजन के लिए राज्य सरकार ने फिक्की को समिट पार्टनर चुना है। राज्य सरकार की ओर से कृषि एवं उद्यानिकी शासन सचिव राजन विशाल की उपस्थिति में आयुक्त कृषि एवं उद्यानिकी चिन्मयी गोपाल ने गुरुवार को समिट पार्टनर फिक्की के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। ग्राम-2026 के तहत प्रदेश के सभी जिलों से 50 हजार से अधिक किसानों को शामिल किया जाएगा। कृषि क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने और तकनीकी हस्तांतरण के लिए तीन देशों में अंतरराष्ट्रीय रोड शो और चार प्रमुख भारतीय शहरों में घरेलू रोड शो आयोजित किए जाएंगे। कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में उन्नत तकनीकों और उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए लगभग 300 प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें उद्यमी, स्टार्टअप, कंपनियां, उत्पाद निर्माता, संस्थान और संगठन भाग लेंगे। तकनीकी के सजीव प्रदर्शन के लिए स्मार्ट फॉर्म, टेक फॉर्म, पशु प्रदर्शनी और मशीनरी प्रदर्शनी का आयोजन होगा। किसानों को नवीनतम तकनीकी जानकारी प्रदान करने हेतु सेमिनार और कृषक गोष्ठियां भी आयोजित की जाएंगी। इस कार्यक्रम में देश-विदेश से निवेशक, कंपनियों के सीईओ/चेयरमैन, वीआईपी और विशेषज्ञ भाग लेंगे। साथ ही, बी2बी (बिजनेस-टू-बिजनेस) और बी2जी (बिजनेस-टू-गवर्नमेंट) बैठकों का भी आयोजन किया जाएगा।
